
धनबाद। धनबाद पुलिस ने बरवाअड्डा थाने में दर्ज मामले में फरार चल रहे कुख्यात अपराधकर्मी किशन खान उर्फ तसलीम खान को पुलिस ने रांची से गिरफ्तार किया है। आरोपित कुमीर्डीह, बरवाअड्डा थाना क्षेत्र का निवासी है और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी।



शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रांची में छापेमारी कर आरोपित को धर दबोचा और बरवाअड्डा थाना लाया गया। पूछताछ के दौरान किशन खान ने दोनों मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने खुलासा किया है कि वह कुख्यात अपराधी प्रिन्स खान के लिए काम करता था। वह गिरोह के सदस्यों को रंगदारी वसूली के लिए व्यवसायियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था, अपराधियों को आश्रय देता था, वित्तीय सहायता करता था और रंगदारी से अर्जित अवैध रकम को जमीन और अन्य व्यवसाय में निवेश करता था।
गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने आरोपित के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। किशन खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बरवाअड्डा थाना में कई गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2025 और 2026 के कांड शामिल हैं।
धनबाद पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

