
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत रविवार को एक बजे जदयू प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस मौके पर जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह सहित जदयू के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी को लेकर अभी संशय है। राजनीतिक गलियारे में ऐसी चर्चा है कि निशांत को नई सरकार में उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।



निशांत के जदयू में शामिल किए जाने की मांग लंबी अवधि से हो रही है। इस आशय के कई होर्डिंग्स भी कई बार शहर में दिखे हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में विधायकों के साथ हुई नीतीश कुमार की बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति मिली थी कि निशांत राजनीति में आएंगे। उनसे इस संबंध में पार्टी के बड़े नेताओं की बात हो चुकी है।
इस निर्णय के बाद जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पर जदयू के विधायकों की एक बैठक हुई जिसमें निशांत भी मौजूद थे। बैठक में निशांत के जदयू में शामिल होने के स्वरूप पर विमर्श हुआ। मंत्री श्रवण कुमार व जदयू नेता संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी भी बैठक में शामिल हुए।
जदयू की योजना यह है कि निशांत को जिलों की यात्रा कराई जाएगी। संभवत: पश्चिमी चंपारण जिले से उनकी यात्रा आरंभ होगी। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जो असमंजस की स्थिति है उसे निशांत कुमार के दौरे के माध्यम से दूर कराया जाए। वह नियमित रूप से नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों की चर्चा मीडिया के साथ करते रहे हैं। युवाओं के लिए हुए फैसले की चर्चा करते रहे हैं।

