
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के थाना कुटरू क्षेत्र अंर्तगत बेदरे मार्ग पर ग्राम अम्बेली के पास जवानों को लेकर जा रहे एक स्कार्पियो वाहन को नक्सलियों ने सोमवार दोपहर आईईडी विस्फोट कर निशाना बनाया, जिसमें दंतेवाड़ा डीआरजी के आठ जवानों कोरसा बुधराम, सोमडू वेंटिल, दुम्मा मड़काम, बमन सोढ़ी, हरीश कोर्राम, पण्डरू पोयम, सुदर्शन वेटी, सुभरनाथ यादव शहीद हो गया और एक सिविलियन वाहन के ड्राइवर तुलेश्वर राना , ग्राम आरापुर, जगदलपुर की भी मौत गई। बस्तर आईजी सुदरराज पी. ने इसकी पुष्टि की है।



रविवार को नारायणपुर में हुई मुठभेड़ के बाद ये सभी आठ जवान आज स्कार्पियो वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों ने आज दोपहर 14:15 बजे आईईडी से विस्फोट कर जवानों को लेकर जा रहे स्कार्पियो वाहन को आईईडी से विस्फोट कर वारदात को अंजाम दिया, जिसमें दंतेवाड़ा डीआरजी के सभी आठ जवानों का बलिदान हो
गया और एक सिविलियन वाहन के ड्राइवर की भी जान चली गई। इस विस्फोट में वाहन के परखच्चे उड़ने के साथ जवानों और वाहन ड्राइवर के भी चिथड़े उड़ गए। बताया गया कि विस्फोट इतना जबरदस्त था कि वाहन कई फीट तक ऊपर उछल गया और जमीन में भी कई फीट का गड्ढा हो गया। घटनास्थल नक्सलियों के इस भीषण वारदात की कहानी को बयां कर रहा है। नारायणपुर में हुई मुठभेड़ के बाद चार दिन तक जंगल में पैदल चलने के बाद जवान थके हुए थे, इसलिए वे एक स्कार्पियो वाहन सीजी 17 केडब्लयू 7937 में सवार हो गए थे। इस वाहन को उड़ाने के लिए बड़ी मात्रा में बारूद का उपयोग किया गया था। धमाका इतना जोरदार था कि सड़क पर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। वाहन के कुछ हिस्से 30 फीट दूर तक बिखर गये, वहीं एक पेड़ पर 25 फीट ऊंचाई पर भी वाहन के कलपुर्जे लटके मिले। नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट के बाद जवानों पर एके 47 से ताबड़तोड़ फायरिंग भी की, जिसके खोखे भी बरामद किए गये हैं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दु:ख व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा कि बीजापुर जिले के कुटरू में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी ब्लास्ट में 8 जवानों के शहीद सहित एक वाहन चालक की मौत की खबर अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शहीदों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। बस्तर में चल रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सली हताश हैं और विचलित होकर ऐसी कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी, नक्सलवाद के खात्मे के लिए हमारी यह लड़ाई मजबूती से जारी रहेगी।

