
नयी दिल्ली। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरूवार को तमिलनाडु में अरक्कोणम के पास स्थित नौसेना के हवाई बेस आईएनएस राजाली का दौरा किया और संचालन तैयारियों की समीक्षा की। नौसेना अधिकारियों ने उन्हें मौजूदा और भविष्य के समुद्री संचालन तथा स्टेशन के बुनियादी ढांचे के विकास के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नौसेना कर्मियों से बातचीत भी की और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके योगदान की सराहना की।



आईएनएस रजाली 11 मार्च 1992 को कमीशन किया गया था। इसका नाम तमिलनाडु के तटीय क्षेत्र में पाए जाने वाले हॉक प्रजाति के एक आक्रामक पक्षी के नाम पर रजाली रखा गया है। यह हवाई बेस 2,200 एकड़ में फैला हुआ है और चेन्नई से 80 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
आईएनएस रजाली 4,700 कर्मियों की क्षमता वाला सबसे आधुनिक और सबसे बड़ा नौसेना हवाई बेस है, जो पूर्वी नौसेना कमान के तहत कार्य करता है। इसका नौसेना के दो अत्यधिक विशिष्ट कार्यों संचालन और प्रशिक्षण में महत्वपूर्ण योगदान है।

