
रांची। रांची की विकास यात्रा में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में शुक्रवार को रांची में दो महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया। सेठ ने कहा कि उनके प्रयासों से स्वीकृत लगभग 303 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रामपुर चौक (रांची-जमशेदपुर रोड जंक्शन) के समीप ओवरब्रिज और विकास चौक, इरबा (रांची-हजारीबाग जंक्शन) के पास आधुनिक भूमिगत टनल का निर्माण होना है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का भूमिपूजन कर शुभारंभ करना, मेरा परम् सौभाग्य रहा। दोनों परियोजनाएं रांची शहर और आसपास के क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाने, जाम की समस्या कम करने और तेज एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।



सेठ ने कहा कि इसके साथ ही रांची सहित राज्य के कई शहरों की आवाजाही को भी सुगम बनाएगी। रांची की जनता के स्नेह और आशीर्वाद से विकास की यात्रा बेहतर सड़क निर्माण, सुगम यातायात और समृद्ध झारखंड के लक्ष्य के साथ निरंतर जारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में झारखंड में लगभग 17,000 करोड़ की लागत से 450 किमी नई सड़क परियोजनाएं शुरू होंगी।
इनमें वाराणसी कोलकाता एक्सप्रेस वे का महत्वपूर्ण हिस्सा भी शामिल है, जो क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और व्यापार को नई दिशा देगा। रांची में 6000 करोड़ रुपये की लागत से आउटर रिंग रोड के निर्माण की घोषणा भी राजधानी के विकास को और विस्तार देने वाला होगा। यह रांची शहर के लिए भी महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर जिस गति से आगे बढ़ रहा है, वह देश को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की मजबूत नींव तैयार कर रहा है।
इस कार्यक्रम में राज्य सभा सांसद महुआ माजी, विधायक राजेश कच्छप, मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, रांची महानगर भाजपाध्यक्ष वरुण साहू, रांची ग्रामीण पूर्वी भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज महतो, रांची ग्रामीण भाजपा पश्चिमी जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक समरी लाल मौजूद रहे।

