
रामगढ़ । डीसी फैज अक अहमद मुमताज की पहल के बाद जिले में कई ट्रांसजेंडर अब ब्यूटीशियन बन गए हैं। वे अब अपना ब्यूटी पार्लर खोलकर महिलाओं की खूबसूरती में चार चांद लगाएंगे। 15 दिनों की ट्रेनिंग के बाद शुक्रवार को सभी ट्रांसजेंडर ब्यूटीशियन को सर्टिफिकेट दिया गया। इस मौके पर मौजूद डीसी ने कहा कि इस पहल से ट्रांसजेंडर समुदाय को आत्मनिर्भर बनने में काफी सहायता मिलेगी। सर्टिफिकेट वितरण कार्यक्रम में विधायक ममता देवी, डीडीसी आशीष अग्रवाल, एसी कुमारी गीतांजलि, डीएसओ रंजीता टोपो, डीईओ नीलम कुमारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थेे।



ट्रांस ब्यूटीशियन ने सिर्फ प्रशिक्षण ही नहीं लिया, बल्कि उन्होंने चेहरे को सुंदर बनाने की कला भी सीखी। समाहरणालय परिसर में ट्रांस ब्यूटी पार्लर भी खुला था, जहां विधायक सहित कई महिला अधिकारियों ने अपना मेकअप करवाया। किसी ने बाल कटवाए, किसी ने फेशियल करवाया, तो किसी ने मेहंदी लगवाई। सभी ब्रांडेड प्रोडक्ट्स ब्यूटी पार्लर में मौजूद थे। विधायक ममता देवी, एसी कुमारी गीतांजलि, डीएसओ रंजीता टोपो, आर्म्स मैजिस्ट्रेट सहित अन्य महिला अधिकारियों ने ट्रांस ब्यूटीशियन से अपने चेहरे चमकदार बनवाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ममता देवी ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की बधाई दी।
मौके पर डीसी फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से समाज के वंचित और उपेक्षित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ट्रांसजेंडर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे वे स्वरोजगार के माध्यम से सम्मानजनक जीवन यापन कर सकेंगे।

