
रांची । रांची में कांके थाना क्षेत्र के पीड़िता सोनाली राय उर्फ सनाया राय पर फेके गए लिक्विड अटैक कांड का रांची पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। जिले के डीआईजी सह एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा इसका खुलासा करते हुए बताया कि कांके थाना क्षेत्र के टांडा ग्राम में रहने वाली सोनाली राय उर्फ सनाया राय को जान-माल की क्षति पहुंचाये जाने के उद्देश्य से अज्ञात अपराधकर्मी की ओर से उनके चेहरे पर प्लास्टिक के बोतल में रखे तरल पदार्थ फेंक दिया गया था। जिससे उनके दोनों आंखो में काफी जलन होने लगी और वह काफी जोर से चिल्लाने लगी।



इस सूचना की गंभीरता को देखते हुए एक एसआईटी का गठन किया गया। साथ ही पीड़िता के समुचित और प्रभावी इलाज के लिए आवश्यक बन्दोबस्त भी किये गये। घटना की तिथि को ही पीड़िता का बेहतर इलाज कर अस्पताल से मुक्त किया गया। चिकित्सकों की टीम की ओर से पीड़िता के आंख में पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने की बात बताई गई।
घटित घटना के संबंध में पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर कांड दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। पीड़िता की ओर से अपने आवेदन में उल्लेख किया गया कि उसके प्रेमी गणेश सिंह के इंस्टाग्राम आईडी पर अज्ञात व्यक्ति के इंस्टाग्राम आईडी से 24 जुलाई को सोनाली राय और गणेश सिंह को लगातार जान मारने की धमकी भरा मैसेज भेजा जा रहा था। जो स्वयं को अमन श्रीवास्तव गिरोह का सदस्य पवन श्रीवास्तव बताता है। इसके अलावा पीड़िता के प्रेमी गणेश सिंह को उसके टेलीग्राम पर अन्य टेलीग्राम आईडी से भी कॉल करके धमकी दी गई थी।
धमकी देने वाला व्यक्ति अपना नाम शिव शर्मा बताया था। पीड़िता की ओर से अमन श्रीवास्तव गिरोह के अपराधियों की ओर से जान-माल की क्षति पहुंचाने के उद्देश्य से पीड़िता और उसके प्रेमी की गतिविधि की रेकी किये जाने का उल्लेख प्राथमिकी में किया गया है। गठित एसआईटी ने अनुसंधान करते हुए कांड का उद्भेदन किया। अनुसंधान के क्रम में जानकारी मिली कि कांड की पीड़िता और उसका प्रेमी गणेश सिंह 23 जुलाई की रात्रि में रांची के एक होटल में रुके हुए थे। जहां सोनाली राय के मोबाइल फोन और ई-मेल आईडी का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर एक जाली आईडी पवन के छद्म नाम से बनाया गया है और इस जाली आईडी से अपने प्रेमी गणेश सिंह के इंस्टाग्राम आईडी पर धमकी भरा मैसेज और सोनाली राय और गणेश सिंह को जान-माल की क्षति पहुंचाए जाने का मैसेज भेजा गया।
जिसमें सोनाली राय के कुछ फोटोग्राफ भी पोस्ट किए गये थे। उस जाली इंस्टाग्राम आईडी होटल में ठहरने के दौरान ही बनाई गई थी। अनुसंधान के क्रम में यह भी पता चला कि सोनाली राय के प्रेमी गणेश सिंह के विरूद्ध मारपीट, हत्या का प्रयास के आरोप में चुटिया थाना 25 मई को वादी अमन चन्द्रा की ओर से दर्ज कराया गया है। जिसमें गणेश सिंह का आपराधिक सहयोगी भैरव सिंह को चुटिया थाना से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
चुटिया थाना का उस कांड में स्मार्ट बाजार स्थित पार्किंग के टेंडर आवंटन के बाद गुटबाजी और आपसी रंजिश के परिणामस्वरूप हुए मारपीट की घटना के संबंध में अंकित किया गया है। इस कांड में विधिक कार्रवाई से बचने और अपने विरोधी गुट को बदनाम करने और बदला लेने के उद्देश्य से गणेश सिंह की ओर से भैरव सिंह के साथ मिलकर घटना की योजना बनाई गई। अनुसंधान के क्रम में इन तथ्यों के आलोक में साक्ष्य अनुसार सोनाली राय के प्रेमी गणेश सिंह उर्फ गणेश को गिरफ्तार किया गया और घटना में प्रयुक्त दो एंड्रॉयड फोन जब्त किया गया है।
वहीं पूछताछ के क्रम में अपने प्रेमिका पर फेंके गये हानिकारक तरल पदार्थ के संबंध में बताया कि भैरव सिंह की ओर से कुछ लड़के को भेजा गया था। गणेश सिंह की ओर ते भैरव सिंह के पार्किंग का काम का देख-रेख किया जाता था और चुटिया थाना के उस कांड के वादी अमन चन्द्रा को अमन श्रीवास्तव गिरोह का सदस्य बताया गया है। न्यायिक हिरासत में बंद भैरव सिंह ने गणेश सिंह को जेल में मुलाकात के दौरान अमन श्रीवास्तव के गिरोह के सदस्यों पर चुटिया थाना में दर्ज कांड को वापस लेने का दबाव बनाने के लिए योजना बनाई गई।
गणेश सिंह और भैरव सिंह ने योजना बनाई कि जाली इंस्टाग्राम आईडी से एक धमकी का मैसेज अपने मोबाइल पर दिखाकर अमन चन्द्रा का संबंध अमन श्रीवास्तव गिरोह से दिखाया जाय तो भविष्य में अमन चन्द्रा के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकें। 24 जुलाई को गणेश सिंह की ओर से सोनाली राय के होटल के कमरे में सोने के क्रम में उसके मोबाइल से पवन नामक व्यक्ति के नाम से उस वर्णित फेंक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर धमकी भरा मैसेज अपने मोबाइल पर भेजा गया। उस मैसेज में अमन श्रीवास्तव गिरोह सदस्यों का नाम भी अंकित किया। योजनाबद्ध तरीके से भैरव सिंह ने ही एक अज्ञात लड़का को भेजकर सोनाली राय पर हानिकारक तरल पदार्थ फेका गया और योजनाबद्ध तरीके से ही काफी कम समय में ही पूर्व निर्धारित अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया।
अनुसंधान के क्रम में यह स्पष्ट हुआ है कि आपसी रंजिश और गुटबाजी में इस घटना को अंजाम दिया गया है। ताकि दूसरे आपराधिक गुट को मिथ्या मामले में कानूनी कार्रवाई कराई जा सकें। सोनाली राय पर हानिकारक तरल पदार्थ फेके जाने में शामिल अपराधकर्मी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। पुलिस गिरफ्त में आए गणेश सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसे पर रांची के अलग-अलग थानों में आधा दर्जन मामले दर्ज है।

