
दरभंगा। मिथिला की धरती दरभंगा जिले के हायाघाट में बुधवार को आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक विशाल जनसभा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं बिहार प्रदेश चुनाव के सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने सीता मईया की धरती को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि छह नवम्बर को कमल का बटन दबाकर एनडीए प्रत्याशी रामचंद्र को भारी मतों से विजयी बनाएं।



उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने पहले भी विकास की राह चुनी थी, अब उस गति को और तेज करने का वक्त है। यह चुनाव सिर्फ बिहार का नहीं है, यह देश के सम्मान का चुनाव है। जिन लोगों ने बिहार की पहचान गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और परिवारवाद से जोड़ दी थी, उन्हें जनता बार-बार जवाब दे चुकी है।
उप मुख्यमंत्री ने लालू-तेजस्वी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर बिहार की बदनामी किसी ने की है तो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव ने की है। आज समय है उससे बाहर निकलने का। याद रखिए- नरेन्द्र मोदी और कमल का फूल ही बिहार का विकास कर सकते हैं।
कमल पर बैठकर आएंगी लक्ष्मी : सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बिहार के विकास के लिए जनता को सही दिशा में मतदान करना होगा। उन्होंने कहा कि विकास करना है कि नहीं? जब भीड़ ने जोरदार ‘हां’ में जवाब दिया तो उन्होंने आगे कहा कि तो फिर लक्ष्मीजी चाहिए कि नहीं चाहिए? लक्ष्मीजी लालटेन में नहीं बैठेंगी, वो कमल के फूल पर बैठकर ही आएंगी। तभी हायाघाट का और बिहार का विकास होगा।
अब सीता मईया का भी मंदिर बनेगा : उप मुख्यमंत्री श्रीमौर्य ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण मोदी सरकार की दृढ़ इच्छा शक्ति और जनता के आशीर्वाद से संभव हुआ। अगर मोदीजी की सरकार नहीं बनी होती तो 500 साल बाद भी रामलला का मंदिर नहीं बन पाता। अब सीता मईया का भव्य मंदिर भी बन रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आप एक कमल का बटन दबाइए, जो भी इमारतें आक्रमणकारियों की निशानी हैं, वो हटेंगी और जहां जो बनना चाहिए, वो बनेगा। उन्होंने कहा कि महागठबंधन को बिहार से सदा के लिए खत्म करने का यह सही समय है।
छठ मईया से भी मांगिए आशीर्वाद, बिहार में खिले कमल का फूल : श्री मौर्य ने लोगों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अभी छठ मईया की पूजा है, पूरे देश की नजर बिहार पर है। छठ मईया से यही प्रार्थना कीजिए कि बिहार में कमल का फूल खिले और एनडीए की सरकार बने। भारत को विश्व का सबसे शक्तिशाली देश बनाने के लिए बिहार की जनता ताकत देगी। उन्होंने जय श्रीराम और भारत माता की जयघोष के साथ अपना उद्बोधन समाप्त किया।

