नई दिल्ली।महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ कुणाल कामरा की कथित अपमानजनक टिप्पणी से नाराज शिवसेना कार्यकर्ताओं द्वारा तोड़फोड़ किए जाने के बाद ‘हैबिटेट स्टूडियो’ ने सोमवार को घोषणा की कि उसने परिसर को बंद करने का फैसला किया है।

शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई में खार क्षेत्र स्थित ‘हैबिटेट कॉमेडी क्लब’ में कथित रूप से तोड़फोड़ की थी, जहां कामरा का कार्यक्रम शूट किया गया था। इस कार्यक्रम में कामरा ने शिंदे पर ‘‘गद्दार” शब्द के जरिये कटाक्ष किया था। बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता रविवार रात ‘होटल यूनिकॉन्टिनेंटल’ के बाहर एकत्र हुए जहां संबंधित क्लब स्थित है। उन्होंने क्लब और होटल परिसर में तोड़फोड़ की।

हैबिटैट क्लब’ वही स्थान है जहां विवादास्पद ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो को शूट किया गया था। स्टूडियो ने सोमवार को ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, ‘‘हमें निशाना बनाकर की गईं हाल की बर्बर घटनाओं से हम स्तब्ध एवं चिंतित हैं और बुरी तरह टूट चुके हैं।” इसने कहा कि कलाकार ‘‘अपने विचारों और रचनात्मक चयन के लिए पूरी तरह से स्वयं जिम्मेदार हैं” और कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई सामग्री में स्टूडियो की कभी कोई भूमिका नहीं रही।

स्टूडियो ने कहा, ‘‘लेकिन हाल की घटनाओं ने हमें इस बारे में फिर से सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कैसे हमें हर बार दोषी ठहराया जाता है और निशाना बनाया जाता है तथा ऐसा लगता है कि जैसे हम कलाकार के प्रतिनिधि हैं।”

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version