
किशनगंज एसडीपीओ प्रकरण में नया मोड़, नौकरानी के नाम करोड़ों की संपत्ति का खुलासा



किशनगंज। बिहार के किशनगंज के एसडीपीओ गौतम कुमार से जुड़े कथित आय से अधिक संपत्ति मामले में चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की कार्रवाई में 80 करोड़ रुपये से अधिक की कथित बेनामी संपत्ति के खुलासे के बाद अब एसडीपीओ की घरेलू सहायिका (नौकरानी) पारो के नाम भी भारी संपत्ति और लग्जरी जीवनशैली की चर्चा सामने आ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पारो को घर से सरकारी आवास तक लाने-ले जाने के लिए करीब 35 लाख रुपये कीमत की लग्जरी कार का इस्तेमाल किया जाता था। बताया जा रहा है कि कई बार एसडीपीओ के निजी वाहन अथवा सरकारी वाहन को भी विशेष रूप से पारो को लाने-ले जाने के लिए भेजा जाता था। मामले में एक तस्वीर भी सामने आने की चर्चा है, जिसमें पारो के हाथ में बड़ी राशि नकद होने का दावा किया जा रहा है। इसके अलावा सूत्रों के मुताबिक एसडीपीओ द्वारा पारो को बुलेट बाइक उपहार में देने की भी बात कही जा रही है।
यह भी बताया जा रहा है कि पारो ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के मलद्वार इलाके में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से मकान बनवाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार एक सामान्य घरेलू सहायिका के पास इतनी बड़ी संपत्ति, लग्जरी कार और अन्य सुविधाओं का होना कई सवाल खड़े कर रहा है। सूत्रों ने यह भी दावा किया है कि पारो के घर में महंगे आभूषण और अन्य कीमती सामान भी देखे गए थे। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर, पूरे मामले के सामने आने के बाद बताया जा रहा है कि पारो अपने परिवार के साथ घर से अनुपस्थित है, जिससे मामले को लेकर और भी संदेह गहराता जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि एसडीपीओ गौतम कुमार पर पहले ही आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज होने के बाद आर्थिक अपराध इकाई द्वारा जांच जारी है। अब नौकरानी से जुड़े नए तथ्यों के सामने आने के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इस मामले को लेकर पुलिस प्रशासन में भी हलचल तेज हो गई है, जबकि स्थानीय लोग भी इस खुलासे को लेकर हैरानी जता रहे हैं।अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

