
यादगिर (कर्नाटक): कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को मतदाताओं से ‘‘मोदी हटाओ, देश बचाओ’’ के नारे के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया और उनसे लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को चुनकर देश में संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होने का आग्रह किया।



खरगे यहां कर्नाटक में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत सात मई को होने वाले मतदान के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी ‘‘हर बात पर हिंदू-मुसलमान करते रहते हैं, यह (यादगिर) निजाम (हैदराबाद) की रियासत का एक हिस्सा था।
यहां हिंदू और मुस्लिम एक साथ रहे और एक-दूसरे के पर्वों को एक साथ मनाते रहे हैं। यहां कई हिंदुओं के नाम मुस्लिम नाम की तरह थे, उदाहरण के तौर पर नवाज रेड्डी।’’
उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘यहां कभी भी (समुदायों के बीच) झगड़े नहीं हुए। मोदी दरार पैदा करने आए हैं। जो लोग एक-दूसरे पर भरोसा करके साथ रह रहे हैं, उनके बीच मोदी दरार पैदा कर रहे हैं।’’

