
पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन गंगा पुल परियोजना का बचा हुआ काम अप्रैल महीने तकर पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को इस प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने उन्हें इस पुल के निर्माण से संबंधित अपडेट दिया।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को काम तीव्र गति से पूरा किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुल के साथ-साथ पहुंच पथ का निर्माण पूरा करें ताकि आवागमन सुचारू ढंग से हो सके। इस पुल प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने से इस क्षेत्र के लोगों को पटना से निर्बाध संपर्कता मिलेगी। इस क्षेत्र में कृषि, उद्योग सहित अन्य व्यवसायों का और तेजी से विकास होगा। आकस्मिक चिकित्सा की स्थिति में इलाज के लिए पटना पहुंचने में मरीजों को सुविधा होगी। इस पुल प्रोजेक्ट के पहले चरण के लोकार्पण के बाद पटना से राघोपुर तक की संपर्कता बहाल हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से महात्मा गांधी सेतु पर भी यातायात का भार कम होगा तथा उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार की संपर्कता के लिए लोगों को एक वैकल्पिक मार्ग मिलेगा इस पुल के निर्माण से पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जगहों पर आसानी से आवागन कर सकेंगे। आमस-दरभंगा एक्सप्रेस वे से कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल जुड़ेगा। इससे समस्तीपुर, दरभंगा व मधुबनी की तरफ जाने वाले लोगों को काफी सहूलियत होगी। समय की बचत भी होगी।
