
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए सबसे पहले जयराम महतो की पार्टी लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करने में जेएलकेएम ने बाजी मार ली। पार्टी की ओर से पहली सूची में छह उम्मीदवारों के नाम के ऐलान किया है। इस लिस्ट में जेएलकेएम के सुप्रीमो जयराम महतो का नाम भी शामिल है।



जेएलकेएम केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। इसके तहत जयराम महतो खुद डुमरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। डुमरी में जयराम महतो ने मंत्री बेबी देवी के खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। डुमरी विधानसभा सीट से टाइगर जगरनाथ महतो चार बार विधायक रह चुके हैं। कोरोना से संक्रमित होने के बाद लंबे समय तक उनका इलाज चला, लेकिन उनकी मौत हो गई। जिसके बाद उपचुनाव में जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी चुनाव में विजयी रहीं। हालांकि प्रारंभ में बेबी देवी की जगह जगरनाथ महतो के पुत्र के चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन 25 वर्ष नहीं होने के कारण बेबी देवी चुनाव मैदान में उतरी। लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में यह भी संभव है कि बेबी देवी की जगह उनके पुत्र चुनाव मैदान में हो।
जयराम महतो ने बताया कि सरायकेला से प्रेम मार्डी जेएलकेएम उम्मीदवार होंगे। सरायकेला से पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन छह बार चुनाव में विजयी रहे। पार्टी ने चंपाई सोरेन के खिलाफ युवा उम्मीदवार प्रेम मार्डी को मैदान में उतारा है। जेएलकेएम के एक नेता ने बताया कि प्रेम मार्डी स्थानीयता-डोमेसाइल के मुद्दे और रोजगार के सवाल पर लंबे समय तक आंदोलन चलाया। इस आंदोलन के करीब छह महीने तक उन्हें जेल में भी रहना पड़ा। इसी कारण से उन्हें उम्मीदवार बनाया गया।
जयराम महतो ने यह भी घोषणा की है कि वो डुमरी विधानसभा सीट के अलावा एक और सीट से चुनाव लड़ेंगे। हालांकि अभी उन्होंने इसका खुलासा नहीं किया है। जयराम महतो ने बताया कि उम्मीदवारों की तीसरी और चौथी लिस्ट जारी होगी, उसमें दूसरी सीट के बारे में जानकारी दी जाएगी।

