
हजारीबाग । झारखंड के हजारीबाग जिले में बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपरा डीह गांव स्थित बंद पड़े गैस प्लांट के पास गैंगस्टर प्रिंस खान का गुर्गा अंकित कुमार पांडेय पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। बताया गया है कि अंकित ने पुलिस को धक्का देकर भागने के क्रम में पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में बड़कागांव पुलिस ने भाग रहे अंकित कुमार पांडेय के पैर में गोली चलाई। जिससे वह गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। घटना शुक्रवार की देर रात की है।
बड़कागांव के थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि 25 जुलाई को 13 माइल के पास ट्रांसपोर्ट रोड में दो हाइवा गाड़ी पर गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों की ओर से गोली कांड किया गया था, जिस संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या-133/26 दर्ज किया गया था। इस कांड में संदिग्ध पिपराडीह निवासी अरुण कुमार पांडेय के पुत्र अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए बड़कागांव थाना लाया गया, पूछताछ के क्रम में उसके मोबाइल फोन का जांच किया गया तो, पाया गया कि उसकी ओर से अपने मोबाइल फोन के टेली ग्राम एप के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान और गिरोह के सदस्यों के साथ चैट किया गया है।
पूछताछ के क्रम में उसकी ओर से अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देशानुसार बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल स्थित ट्रांसपोर्ट रोड में 25 जुलाई को रात्रि में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गोली बारी की घटना को अंजाम दिया गया था। प्रिंस खान संगठन के नाम से पर्चा छोड़ने का काम किया गया था। साथ ही उसने अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में जानकारी दी कि पिपराडीह गांव के नजदीक स्थित बन्द पड़े गैस प्लांट में घटना कारित हथियार और बम को छुपाकर रखे हैं, साथ चलने पर बरामद करा सकते है।
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने यह भी बताया कि अभियुक्त के निशानदेही पर बन्द पड़े गैस प्लांट के पास हथियार और बम के बरामदगी के दौरान अभियुक्त अंकित पाण्डेय की ओर से पुलिस बल के जवान को अचानक धक्का देते बरामद पिस्तौल से पुलिस बल को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। फायरिंग कर वो भागने की कोशिश करने लगा। जिसके कारण पुलिस की ओर से अपना बचाव करते हुए आत्मरक्षार्थ फायर किया गया। फायरिंग में अभियुक्त अंकित कुमार पांडेय के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वो वो वहीं गिर गया। घायल अपराधी को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया।

