
रांची। संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) एडवांस्ड 2025 के परिणाम सोमवार को आधिकारिक रूप से जारी कर दिए गए। बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में रांची के मो. अनस ने ऑल इंडिया रैंक 42 हासिल की है और राज्य में टॉपर बने हैं। मो. अनस के अलावा, धनबाद के अभिनीत पांडेय ने एआईआर 101 हासिल कर राज्य के दूसरे टापर बने हैं जबकि हर्ष गुप्ता एआईआर 210 के साथ तीसरे, देवघर के भाव्यम शंकर एआईआर 274 के साथ चौथे, गुमला के हर्ष झा एआईआर 401 के साथ पांचवें, जमशेदपुर के ध्रुव प्रकाश एआईआर 483 के साथ छठे स्थान पर हैं। शहर से जवाहर विद्या मंदिर श्यामली के विशेष वर्णवाल ने एआईआर 549, एलए गार्डेन हाई स्कूल और ब्रदर्स एकेडमी के छात्र साहिल आकाश ने एआईआर 938 और ब्रदर्स एकेडमी के ही ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र आनंद किशोर ने एआईआर 987 रैंक हासिल की है।



जेईई एडवांस्ड 2025 परीक्षा 18 मई को दो शिफ्ट में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) प्रारूप में आयोजित की गई थी। शहर में तीन निर्धारित केंद्रों पर 2,000 से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। साहिल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता के समर्थन और अपने कोचिंग संस्थान के गुरुओं के मार्गदर्शन को दिया। उनकी तैयारी की रणनीति कक्षा में सीखने और स्व-अध्ययन, कठोर अभ्यास और लगातार संशोधन के बीच एक मजबूत संतुलन पर केंद्रित थी।
साहिल ने कहा, मेरे पिता ने परिवार को आर्थिक रूप से सहायता की और सुनिश्चित किया कि मुझे सभी अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो। मेरी माता ने मुझे दसवीं कक्षा तक पढ़ाया। सुव्यवस्थित नोट्स और नियमित माक टेस्ट ने मुझे ट्रैक पर बने रहने में मदद की।
ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र आनंद ने कहा बचपन से ही मुझे यांत्रिक खिलौनों और रोबोटिक्स से लगाव रहा है। समान विचारधारा वाले साथियों के साथ अध्ययन करना और ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूर रहने की चुनौतियां ध्यान केंद्रित करने की कुंजी हैं।
स्कूलों में हर्ष का माहौल: जेईई एडवांस्ड का रिजल्ट आते ही स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में हर्ष का माहौल देखने को मिला। सफल छात्र छात्राएं अपने अपने स्कूल का रुख करने लगे। गुरुजन भी उन्हें आशीर्वाद देते दिखे। जेवीएम श्यामली से शीर्ष प्राप्तकर्ताओं में विशेष बरनवाल, उसके बाद शौर्य शर्मा ने एआईआर 1714, अर्नब पांडेय ने एआईआर 1881, आर्यन आदित्य ने एआईआर 2367, अर्चित शिवम ने एआईआर 2941, आदित्य शिवम ने एआईआर 3703) और कई अन्य शामिल हैं, जिन्होंने उल्लेखनीय श्रेणी रैंक हासिल की हैं। दिल्ली पब्लिक स्कूल रांची के 50 से अधिक छात्रों ने जेईई एडवांस्ड 2025 क्वालिफाई किया। नुपूर सिंह ने एआईआर 2139 हासिल की, उसके बाद द्रिप्त दिव्यांश पांडेय ने एआईआर 2533 और आदित्य शौर्य सिंह ने एआईआर 4393 हासिल की।
कोचिंग का मिला सहारा: ब्रदर्स एकेडमी के 115 से अधिक छात्रों ने जेईई एडवांस्ड में अपनी रैंक हासिल की। शौर्य ने एआईआर 1714, आर्यन ने एआईआर 2367) और तान्या ने एआईआर 2876 के साथ साहिल और आनंद के बाद शीर्ष प्रदर्शन करने वालों में शामिल हैं।
पाठशाला कोचिंग संस्थान से प्रणीत आयुष ने ओबीसी में एआईआर 516, उत्कर्ष ने ओबीसी में एआईआर 3305, आदित्य आर्यन चौबे ने जनरल में एआईआर 3758, बीनू ने जनरल में एआईआर 7000 तथा रूपेश ने जनरल में एआईआर 14715 प्राप्त करने में सफलता पाई।

