जमशेदपुर। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) की ओर से पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर आयोजित हो रही झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग (JT-20) की नीलामी में शनिवार को एक बड़ा और अप्रत्याशित उलटफेर देखने को मिला।शहर के एनएच-33 स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में सजी खिलाड़ियों की इस मंडी में झारखंड के उभरते हुए आदिवासी स्टार रोबिन मिंज ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन को कीमत के मामले में काफी पीछे छोड़ दिया। नीलामी के दौरान कोयलांचल सुपर किंग्स ने अपनी आक्रामक रणनीति दिखाते हुए विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज पर सर्वाधिक 15.25 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाई और उन्हें लीग का सबसे महंगा खिलाड़ी बना दिया। इसके विपरीत, भारतीय राष्ट्रीय टीम के धाकड़ और अनुभवी बल्लेबाज ईशान किशन को लेकर फ्रेंचाइजियों में वह उत्साह नहीं दिखा। उन्हें संथाल स्ट्राइकर्स ने महज 6.25 लाख रुपये की मामूली कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया।नीलामी में झारखंड के घरेलू सर्किट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले स्थानीय खिलाड़ियों की भारी मांग रही। टीमों ने इन पर खुलकर पैसे खर्च किए।

विराट सिंह: छोटा नागपुर रॉयल्स ने 13 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि देकर अपनी टीम से जोड़ा।

मोहम्मद कौनैन कुरैशी: जमशेदपुर स्टीलर्स ने 12.50 लाख रुपये खर्च कर इन्हें अपनी टीम को मजबूत करने के लिए खरीदा। मशहूर खेल प्रस्तोता और आईपीएल के पूर्व ऑक्शनर चारू शर्मा के कुशल संचालन में यह नीलामी संपन्न हुई। सभी 6 फ्रेंचाइजियों को खिलाड़ियों को खरीदने के लिए 50 लाख रुपये का पर्स (Budget) दिया गया था।

नीलामी के दौरान आईपीएल स्टार कुमार कुशाग्र को लेकर भी एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला। शुरुआत में बाजार में उनके अनसोल्ड (न बिकने) रहने की चर्चा जोरों पर थी, लेकिन बाद में छोटा नागपुर रॉयल्स ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें 4 लाख रुपये में खरीद लिया।नियमों के मुताबिक, सभी टीमों को अपने स्क्वाड में न्यूनतम 16 और अधिकतम 18 क्रिकेटर शामिल करने थे।रांची टाइटंस, छोटानागपुर रॉयल्स और धनबाद डायमंड्स ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए अपने कोटे के पूरे 18 खिलाड़ियों को खरीदा। कोयलांचल सुपर किंग्स रोबिन मिंज पर बड़ी बोली लगाने के चक्कर में रणनीतिक चूक कर बैठी। उनके पर्स में मात्र 5,000 रुपये बचे, जिसके कारण वे अपना 18वां खिलाड़ी नहीं खरीद सके। जमशेदपुर स्टीलर्स (3.80 लाख शेष) और संथाल स्ट्राइकर्स (11.05 लाख शेष) के पर्स में काफी पैसे बचे होने के बावजूद उन्होंने 18वें खिलाड़ी में रुचि नहीं दिखाई और 17-17 खिलाड़ियों पर ही संतोष किया।

युवाओं को मिला मौका : इस ऐतिहासिक नीलामी में स्टार खिलाड़ियों के अलावा संजीव चतुर्वेदी, प्रांजल कुमार, सिद्धार्थ सिन्हा और युवराज कुमार जैसे युवा चेहरों को 25 हजार रुपये की बेस प्राइस (न्यूनतम कीमत) पर खरीदकर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सुनहरा मंच दिया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version