
रांची । झारखंड के विभिन्न जिलों में सक्रिय 87 मोस्ट वांटेड अपराधियों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। जिसके बाद राज्य पुलिस ने इन अपराधियों की धरपकड़ के लिए आधिकारिक सूची और तस्वीरें जारी की हैं, ताकि आम जनता की सूचना पर इन्हें पकड़ा जा सके। इन अपराधियों पर हत्या, डकैती, रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। ये झारखंड के साथ-साथ बिहार व पश्चिम बंगाल में भी वारदातें कर फरार हैं। इन वांटेड अपराधइयों की सूची में झारखंड के लगभग सभी बड़े जिलों में सक्रिय रहे अपराधी शामिल हैं।



इस सूची में जमशेदपुर से रंजन मिश्रा, सूरज सिंह, अनवर अली प्रमुख हैं। रांची में लखन सिंह, मजहर अंसारी, चाईबासा में गुलशन बिरुली, देवघर में गौरव खबारे, हजारीबाग में उमेश दास जैसे नाम हैं। सरायकेला, लोहरदगा, लातेहार, कोडरमा, जामताड़ा, दुमका, गढ़वा, पलामू, खूंटी, गिरिडीह, गुमला व बोकारो के अपराधी भी लिस्ट में शुमार हैं। अन्य राज्यों से बिहार के राजू यादव, हरियाणा के मोहम्मद आरिफ, पश्चिम बंगाल के डबलू शेख व फरीदाबाद के अरशद अली भी शामिल हैं।
इस सूची को जारी करते हुए पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी अपराधी के बारे में कोई भी जानकारी होने पर उसे गोपनीय रखते हुए थाने या हेल्पलाइन पर दें। इससे अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में मदद मिलेगी।

