
रांची। आजसू की ओर से खेलगांव के खटंगा में रविवार को आयोजित मिलन समारोह में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और समाजसेवियों को अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। सुदेश कुमार महतो ने कहा कि झारखंड विकास के रास्ते से भटक चुका है। खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद राज्य की पहचान अब लेबर स्टेट के रूप में बनती जा रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य को फिर से सही दिशा में ले जाने के लिए युवाओं को आगे आकर नेतृत्व संभालने की आवश्यकता है।



सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी से लगातार युवा जुड़ रहे हैं, जिससे संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही राज्य के नवनिर्माण की मजबूत नींव रख सकती है। उन्होंने सभी कार्यकतार्ओं से एकजुट होकर झारखंड के विकास और सशक्तिकरण के लिए काम करने का आह्वान किया।
इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव दीपक महतो, केंद्रीय सचिव जितेंद्र सिंह, रांची जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य संजय महतो, युवा आजसू के प्रदेश संयोजक गदाधर महतो, रांची महानगर अध्यक्ष अमित यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे।-

