
रांची। कांग्रेस के सीनियर नेता और हेमंत सरकार में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने नाराजगी की चर्चाओं के बीच सरकारी गाड़ी छोड़कर अपनी गाड़ी से चलना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को इस संदर्भ में उनसे जब पत्रकारों ने पूछा तो उन्होंने पीछे इशारा करते हुए कहा कि काफिले में सभी सरकारी गाड़ियां हैं।
हालांकि उन्होंने स्पष्ट नहीं किया कि वे सरकारी गाड़ी पर क्यों नहीं चल रहे हैं। उनकी बातों को नाराजगी के तौर पर लिया जा रहा है। इस बीच, देर शाम वे सरकारी वाहन से ही कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और लगभग एक घंटे बिताया। इस दौरान उन्होंन कई बार कार्यकर्ताओं को बताया कि वे नाराज नहीं हैं।
वित्त मंत्री पिछले कई दिनों से ऐसे कार्य कर रहे हैं, जिससे आम लोगों के बीच यह संदेश जा रहा है कि उनकी सरकार से कुछ नाराजगी है। पहले उन्होंने सुरक्षा कर्मियों के नाम पर काफिले में अधिक वाहनों की मांग की थी जिसे ठुकरा दिया गया। इसके बाद उन्होंने अपने ही विभाग के संयुक्त सचिव की गतिविधियों को लेकर नाराजगी जताई। वित्त सचिव को कार्रवाई के लिए पत्र भी लिखा।


