पटना। सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की दूसरी किस्त की राशि देने की तैयारी शुरू कर दी है। संभावना है कि अप्रैल के अंतिम पखवारे तक चयनित जीविका दीदियों के खाते में 20-20 हजार रुपये की राशि पहुंच जाएगी। जीविका की ओर से विकसित ऐप के माध्यम से चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसमें अब तक रोजगार शुरू करने वाली दीदियों को प्राथमिकता सूची में वरीयता देने का प्रविधान किया गया है। अभी तक दूसरी किस्त के लिए लगभग 19 लाख जीविका दीदियों ने आवेदन किया है।

इसमें दो लाख जीविका दीदियां ऐसी चिह्नित की गई हैं जो दूसरी किस्त की पात्रता पूर्ण करतीं हैं। ऐसी महिलाओं को 20 हजार रुपये दिए जाने के उपरांत पांच-पांच हजार रुपये स्वयं के लगाकर रोजगार शुरू करना है। तत्काल पहली किस्त से कितनी महिलाओं ने 10 हजार रुपये से रोजगार शुरू किया है इसकी मैपिंग कराई जा रही है। जीविका की ओर से विकसित ऐप में महिलाओं के रोजगार शुरू करने की जानकारी सूचीबद्ध की जा रही है। इसी मैपिंग में रोजगार शुरू करने वाली महिलाओं को चिह्नित कर दूसरी किस्त का भुगतान करने की योजना है। विदित हो कि अभी तक सरकार ने पांच चरणों में दो लाख रुपये देने का लक्ष्य निर्धारित किया।

ग्रामीण विकास विभाग की ओर से योजना के माध्यम से 1.81 करोड़ महिलाओं को दस-दस हजार रुपये दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश पात्र महिलाओं को राशि दे दी गई है। 1.81 करोड़ महिलाओं के खाते में 18,100 करोड़ की राशि भेजी जा चुकी है। शहरी क्षेत्रों में 11 लाख से अधिक महिलाओं को अभी राशि दी जानी है। इसके लिए नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से सत्यापन की प्रक्रिया लंबित है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version