पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार और बयानबाजी करना मोकामा के विधायक अनंत सिंह को महंगा पड़ गया है। जदयू ने अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी को छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की अनुशंसा भी विधानसभा अध्यक्ष से की गई है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने शनिवार को इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, पार्टी के निदेर्शों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के प्रति अमर्यादित एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने और विधान परिषद चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के विरुद्ध काम करने के कारण अनंत सिंह पर कार्रवाई की गई है। पार्टी का आरोप है कि अनंत सिंह ने जदयू प्रत्याशी के विरोध में प्रचार किया और दूसरे दल के प्रत्याशी का समर्थन किया।इसी आधार पर उनकी प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त करते हुए उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि पार्टी विधानसभा अध्यक्ष से भारतीय संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता अविलंब समाप्त करने की अनुशंसा करती है। जदयू ने अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के खिलाफ भी कार्रवाई की है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त करते हुए उन्हें भी छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है।विधान परिषद चुनाव के दौरान अनंत सिंह और जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच तल्खी सामने आई थी। अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज कुमार का समर्थन किया था। इसके बाद से ही जदयू में उनके खिलाफ कार्रवाई की अटकलें लगाई जा रही थीं। पार्टी के इस फैसले के बाद अब अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता को लेकर आगे की प्रक्रिया पर नजर रहेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version