
रांची। जेडी हाई स्ट्रीट के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग सरावगी ने रांची स्थित उनके आवास पर छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, अनुराग सरावगी की पत्नी और बच्चे उस समय तमिलनाडु में थे। पुलिस को दिए गए बयान में घर की नौकरानी ने बताया कि अनुराग सरावगी जब घर पहुंचे तो फोन पर जोर-जोर से किसी से बात कर रहे थे और काफी उत्तेजित नजर आ रहे थे। नौकरानी के अनुसार, फोन पर बातचीत के दौरान वह लगातार चिल्ला रहे थे, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी गंभीर पारिवारिक या निजी विवाद को लेकर चर्चा हो रही है।



नौकरानी ने पुलिस को यह भी बताया कि तीन मंजिला मकान में फर्स्ट फ्लोर पर अनुराग सरावगी के माता-पिता रहते हैं। सेकंड फ्लोर अनुराग सरावगी का था, जहां वह अक्सर रहते थे। बताया गया कि सेकंड फ्लोर का फ्लैट अंदर से बंद रहता था, जबकि बालकनी खुली रहती थी। इसी कारण अनुराग सरावगी सिगरेट और लाइटर लेकर बालकनी में चले गए थे।
जानकारी के अनुसार, बालकनी में खड़े होकर अनुराग सरावगी फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वह छठी मंजिल से नीचे गिर गए। गिरने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद उनका मोबाइल फोन भी पूरी तरह चकनाचूर अवस्था में पाया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि शुरूआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिवार के सदस्यों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

