सना । यमन की राजधानी सना में इजरायली एयरफोर्स ने हूती विद्रोहियों के शीर्ष सैन्य कमांडर मोहम्मद अब्द अल-करीम अल-घमारी पर हमला किया है। दावा किया जा रहा है कि हूती मिलिट्री चीफ घमारी को निशाना बनाकर हवाई हमला किया गया है लेकिन यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि इसमें अल-घमारी मारा गया या बच निकलने में कामयाब रहा है। कई अरबी समाचार आउटलेट ने शनिवार को अपनी रिपोर्ट्स में दावा किया है कि इजरायली हमले में जिस इमारत को निशाना बनाया गया, उसमें हूती के कई वरिष्ठ अधिकारी रहते हैं।

इजरायल के हमले में सना में लेबनानी अस्पताल के पास हूती नेताओं के आवासीय परिसर को निशाना बनाया गया। सना में अल-सबीन स्क्वायर के ठीक दक्षिण में लेबनानी अस्पताल के पास हूती नेताओं के आवासीय परिसर पर ये हमला किया गया। इजरायली न्यूज वेबसाइट Ynet ने एक यमनी सुरक्षा अधिकारी के हवाले से कहा है कि अल-घमारी हूती के मिसाइल कार्यक्रम का हेड है। ऐसे में अगर घमारी की मौत की पुष्टि होती है तो हूतियों के लिए बड़ा झटका होगा, जो लंबे समय से इजरायल से लड़ रहे हैं।


स्काई न्यूज अरेबिया ने यमनी सूत्रों के हवाले से कहा कि अल-घमारी इजरायल के निशाने पर था लेकिन उसकी मौत की पुष्टि नहीं हुई है। इन्हीं सूत्रों ने बताया कि हमले में हूती सुप्रीम मिलिट्री काउंसिल की बैठक को निशाना बनाया गया। इस बैठक बैठक में महदी अल-मशात के शामिल होने की बात सामने आई है, जो हूती की सर्वोच्च राजनीतिक परिषद के अध्यक्ष हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version