
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत और इस्राइल के बीच रणनीतिक संबंधों को सशक्त बनाने में असाधारण योगदान देने के लिए इस्राइल की संसद ‘नेसेट’ के सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर मेडल’ से सम्मानित किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी इस सम्मान को प्राप्त करने वाले विश्व के पहले नेता हैं। संबोधन के बाद इस्राइल की संसद के अध्यक्ष आमिर ओहाना ने यह सम्मान प्रधानमंत्री को दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे पूरी विनम्रता और कृतज्ञता के साथ यह पुरस्कार स्वीकार करते हैं। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने लिखा कि इस सम्मान से सिर्फ एक व्यक्ति को सम्मानित नहीं किया गया है, बल्कि भारत और इस्राइल के बीच की स्थायी मित्रता को सम्मान दिया गया है। नेसेट सम्मान ने रक्षा, प्रौद्योगिकी, कृषि, नवाचार और आर्थिक सहयोग के द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ बनाने में प्रधानमंत्री मोदी की भूमिका को उजागर किया है।
