
तेहरान/तेलअवीव। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने तेहरान में हमास नेता इस्माइल हानिया की हत्या के प्रतिशोध में इजरायल पर सीधे हमला करने का आदेश दिया है। एक मीडिया रिपोर्ट ने तीन ईरानी अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी गई है। खामेनेई ने बुधवार को ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की एक इमरजेंसी बैठक में यह आदेश दिया।



रिपोर्ट में कहा गया है कि तीन अधिकारियों में से दो ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के सदस्य हैं।
इससे पहले, खामेनेई ने अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक संदेश में कहा कि इजरायल ने अपने लिए कठोर सजा के लिए जमीन तैयार कर ली है।
बुधवार को इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स ने इजरायल पर तेहरान में एक आतंकवादी हमले” में इस्माइल हानिया और उसके बॉडी गार्ड की हत्या करने का आरोप लगाया।
इसने हानिया और उसके बॉडी गार्ड की शहादत पर संवेदना व्यक्त की, साथ ही कहा कि हानिया मंगलवार को ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए तेहरान आये थे और पिछले कुछ वर्षों में वो कई बार ईरान आये हैं।
इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स ने इजरायल के आपराधिक कृत्य की निंदा करते हुए इसे अंतर्राष्ट्रीय नियमों और कानूनों का उल्लंघन बताया और कहा कि इजरायल को ईरान से करारा जवाब मिलेगा।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में हानिया की शहादत पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ईरान अपनी क्षेत्रीय अखंडता, गरिमा, सम्मान और गौरव की रक्षा करेगा और इजरायल को इस कायरतापूर्ण कदम के लिए भुगतना पड़ेगा।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने कहा है कि हमला ईरान में हुआ है, इसलिए जवाब देने की जिम्मेदारी भी ईरान की है। तेहरान में हमास नेता इस्माइल हानिया और बेरूत में एक वरिष्ठ हिजबुल्लाह नेता की हत्या के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को कहा कि इजरायल किसी भी हमले का जोरदार जवाब देगा। नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल ने पिछले कुछ दिनों में हमास और हिजबुल्लाह सहित ईरान के प्रतिनिधियों को करारा झटका दिया है।
ये भी पढ़ें: ‘वह भारतीय हैं या अश्वेत?’ डोनाल्ड ट्रंप ने कमला हैरिस के भारतीय मूल पर उठाए सवाल
वहीं, पीएम नेतन्याहू ने अपने बयान में इस्माइल हानिया की हत्या का जिक्र नहीं किया। नेतन्याहू ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि इजरायल के नागरिकों, चुनौतीपूर्ण दिन आने वाले हैं। बेरूत में हमले के बाद से हर तरफ से धमकियां सुनाई दे रही हैं। हम किसी भी स्थिति के लिए तैयार हैं और हम किसी भी खतरे के खिलाफ एकजुट और दृढ़ संकल्पित रहेंगे।

