तेल अवीव। ईरान ने मंगलवार शाम इजरायल पर मिसाइल हमला किया है। पूरे इजरायल में सायरन बज रहे हैं। इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने बताया है कि ईरान से उनके देश पर रॉकेट दागे गए हैं। सेना ने सभी लोगों को बम शेल्टर में छिपने की सलाह दी है। अमेरिका ने चंद घंटे पहले ही जानकारी दे दी थी कि ईरान जल्द इजरायल पर मिसाइल हमला करने जा रहा है। अमेरिका ने यह भी बताया था कि वह इजरायल की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार है। ईरान ने पहले ही इजरायल को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी।

आईडीएफ ने कहा है कि ईरान से मिसाइल दागना लगातार जारी है। सेना ने कहा कि आपको अगली सूचना तक सुरक्षित क्षेत्र में रहने के लिए कहा जाता है। देश भर में सुनाई देने वाले विस्फोट के आवाज मिसाइल को रोकने वाले एयर डिफेंस सिस्टम के टकराने से पैदा हो रही हैं। मृत सागर के पास, दक्षिण में और शेरोन क्षेत्र में तेल अवीव में छर्रे या रॉकेटों के गिरने की सूचना मिली है। अभी तक किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। हालांकि सभी इजरायलियों को शेल्टर में छिपने का आदेश दिया गया है।

ईरान ने दावा किया है कि उसने इजराइल पर दर्जनों मिसाइलें दागी हैं। उसने चेतावनी दी है कि अगर इजरायल ने जवाबी कार्रवाई की तो उसे और भी विनाशकारी जवाब मिलेगा। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा है कि तेहरान की प्रतिक्रिया और भी विनाशकारी होगी।

इजरायली मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार ईरान द्वारा बैलिस्टिक मिसाइल हमले में कोई बड़ी क्षति या हताहत की सूचना नहीं है। ईरान से 200 से ज्यादा मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से अधिकतर को हवा में ही मार गिराया गया है। जो मिसाइलें जमीन पर गिरी हैं, उनसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। दावा किया जा रहा है कि ईरान का यह हमला 13 अप्रैल को किए गए हमले की तरह ही नाकाम रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version