
वॉशिंगटन। अमेरिकी पत्रकार और कूटनीतिक विशेषज्ञ रिक सांचेज ने भारत पर 50% टैरिफ लगाने के लिए डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की है। अमेरिका ने रूसी तेल खरीद के कारण भारत पर यह टैरिफ लगाया है। सांचेज ने इसे डोनाल्ड ट्रंप की “अपमानजनक और अज्ञानतापूर्ण नीति” करार दिया। सांचेज रशिया टुडे पर ‘द सांचेज इफेक्ट’ प्रोग्राम के होस्ट हैं। उन्होंने ट्रंप पर कभी कभी निजी दुश्मनी और बिना तथ्यों के आधार पर फैसले लेने का आरोप भी लगाया। इससे पहले भी कई अमेरिकी कूटनीतिक विशेषज्ञों, अर्थशास्त्रियों और दर्जनों वरिष्ठ नेताओं ने भारत पर टैरिफ को लेकर ट्रंप के फैसले की खुलेआम आलोचना की है।



एएनआई को दिए इंटरव्यू में सांचेज ने जोर देकर कहा, “भारत एक बड़ा लड़का है, कोई स्कूली बच्चा नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी दबाव के खिलाफ उनका प्रतिरोध एक “विनाशकारी, परिवर्तनकारी क्षण” होगा, जिसे इतिहास उस समय के रूप में देखेगा जब वैश्विक शक्ति पश्चिम से ग्लोबल साउथ की ओर ट्रांसफर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इसमें रूस, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील के साथ-साथ भारत और चीन प्रमुख देश होंगे।
व्यक्तिगत प्रतिशोध है भारत पर टैरिफ : सांचेज ने कहा कि रूसी तेल आयात पर 25% सेकेंडरी टैरिफ सहित भारतीय वस्तुओं पर कुल 50% टैरिफ लगाने का ट्रंप का निर्णय एक मजबूत भू-राजनीतिक रणनीति के बजाए व्यक्तिगत प्रतिशोध पर आधारित लग रहा है। उन्होंने अमेरिकी मल्टीनेशल इन्वेस्टमेंट बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी जेफरीज की एक रिपोर्ट का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि ये टैरिफ भारत-पाकिस्तान संघर्ष में मध्यस्थता का क्रेडिट न मिलने पर “व्यक्तिगत खीझ” का परिणाम है।