
मोबाइल एप्लीकेशन भी लॉन्च



रांची। व्यापार जगत के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रथम तल पर बने पी. एल. चोपड़ा ऑडिटोरियम का भव्य उद्घाटन किया गया। साथ ही चैम्बर ने तकनीक की ओर एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए अपना मोबाइल एप्लीकेशन भी लॉन्च किया, जिसका अनावरण झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने अपने कर-कमलों से किया। वित्त मंत्री ने कहा कि व्यापारियों की मांगें राज्य के विकास से सीधी जुड़ी होती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि चैम्बर की सभी जनहितकारी मांगों का निराकरण 15 सितंबर तक कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और व्यापारियों के बीच आपसी संवाद ही राज्य की आर्थिक प्रगति का मूल आधार है और इसमें चैम्बर की भूमिका सराहनीय है।
चैंबर की पहल : कार्यक्रम की अध्यक्षता चैम्बर के वर्तमान अध्यक्ष परेश गट्टानी ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि पी. एल. चोपड़ा आॅडिटोरियम का निर्माण चैम्बर की उस परंपरा का प्रतीक है, जिसमें व्यापारियों के लिए न केवल व्यावसायिक अवसर, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए भी मंच उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही मोबाइल एप्लीकेशन के लोकार्पण को उन्होंने डिजिटल इंडिया की दिशा में एक बड़ा कदम बताया, जिससे चैम्बर और उसके सदस्यों के बीच संवाद व सहयोग और अधिक सशक्त होगा।
ये रहे उपस्थित : कार्यक्रम का संचालन पवन जैन ने कुशलतापूर्वक किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में गणमान्य व्यापारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से आदित्य मल्होत्रा, रोहित अग्रवाल, कुनाल अजमानी, मनोज नरेड़ी, मनोज मिश्रा, शैलेश अग्रवाल, सुबोध चौधरी, ज्योति कुमारी, नवजोत आलंग, विनय अग्रवाल, प्रवीण लोहिया सहित अन्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
व्यापार जगत की उम्मीदें : व्यापारियों ने कहा कि यह चैम्बर की दूरदर्शिता और सक्रिय भूमिका का परिणाम है कि सरकार और व्यापारिक समुदाय के बीच सकारात्मक संवाद का माहौल बना है। व्यापारियों को भरोसा है कि मंत्री के आश्वासन के अनुरूप 15 सितम्बर तक उनकी मांगों का समाधान होगा और आने वाले दिनों में राज्य में व्यापार के लिए और अनुकूल वातावरण तैयार होगा।