
नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह तेज बारिश हुई। इस दौरान तेज आंधी-तूफान चलने से पेड़ के साथ-साथ घरों की छत गिरने के मामले भी सामने आए। ऐसी ही एक घटना में दिल्ली के जफरपुर कला इलाके में एक पेड़ एक मकान पर गिर गया। इस हादसे में 3 बच्चों सहित 4 लोगों की मौत हो गई। वहीं, दिल्ली के छावला में एक घर की छत गिरने से 4 लोग मलबे के नीचे दब गए।



दिल्ली पुलिस के मुताबिक द्वारका के खरखरी नहर गांव में खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे में 26 साल की ज्योति अपने पति अजय और 3 बच्चों के साथ सो रही थी। इस दौरान इस दौरान कमरे पर एक नीम का बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ गिरने से ज्योति और उसके तीनों बच्चों की मौत हो गई।
दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश के बाद जगह-जगह पानी भर गया है। सुबह से ही ऐसी कई तस्वीरें सामने आ चुकी हैं, जिसमें सड़क पर चल रहीं गाड़ियों का आधा पहिया पानी के अंदर डूबता दिख रहा है। दरअसल, मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली के मौसम में बदलाव को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था। मौसम विभाग ने बताया था कि दिल्ली में गुरुवार शाम से ही तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हो सकती है। गुरुवार रात दिल्ली में बारिश दर्ज भी की गई।
खराब मौसम के कारण फ्लाइट डायवर्ट
दिल्ली के खराब मौसम का असर फ्लाइट्स की उड़ानों पर भी दिखना शुरू हो गया है। आज खराब मौसम की वजह से एक फ्लाइट को अहमदाबाद और दो फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया है। कई फ्लाइट्स को आने में देरी हुई है। पहले ही दिल्ली एयरपोर्ट की तरफ से यह अलर्ट जारी किया जा चुका है कि आज आंधी-तूफान और बारिश की वजह से उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।

