
पटना। आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के पटना स्थित आवास, कार्यालय समेत तीन ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई में करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन, फ्लैट और अन्य संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। छापेमारी के दौरान 12 डीड और तीन फ्लैट के कागजात बरामद हुए हैं। आशियाना नगर की फ्रेंड्स कॉलोनी में दो कट्ठा चार धूर जमीन पर बने मकान के लिए आठ किस्तों में 97 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। संपत्तियों का मूल्यांकन जारी है।
सोना-हीरा और चांदी के जेवर भी मिले : तलाशी में 5.05 लाख रुपये के सोने के आभूषण, 3.07 लाख रुपये के हीरे जड़े आभूषण और 1.52 लाख रुपये के चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इसके अलावा 61 हजार रुपये नकद भी मिले। निगरानी टीम को 19 बैंक खातों और विभिन्न बीमा निवेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। एक हुंडई कार भी बरामद हुई है। केनरा बैंक के एक लॉकर का भी पता चला है, जिसकी तलाशी अभी बाकी है।
75 फीसदी अधिक संपत्ति, जांच का दायरा बढ़ा : प्रारंभिक जांच में अभियंता के पास 1.41 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति मिली है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 75 प्रतिशत अधिक है। इस मामले में निगरानी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। निगरानी अधिकारियों का कहना है कि बैंक लॉकर, डीड और फ्लैट के दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अवैध संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है। सभी दस्तावेजों का सत्यापन जारी है।
