
बाराबंकी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बाराबंकी लोकसभचा सीट के लिए आयोजित जनसभा में कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि अगर कांग्रेस आई तो राममंदिर पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला बदल देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर पर बुलडोजर चलवा देगी। प्रधानमंत्री ने इंडी गठबंधन को नसीहत भी दी कि उन्हें योगी जी से ट्यूशन लेना चाहिए कि कहां बुलडोजर चलाना है और कहां नहीं। पीएम मोदी शुक्रवार को यहां जैदपुर मार्ग के समीप विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आपके एक वोट की ताकत ने 500 साल के इंतजार को खत्म करके भव्य राममंदिर में श्रीरामलला को विराजमान कराया। पहले जब लोग रामलला को टेंट में देखते थे तो सरकार को भद्दी-भद्दी गालियां देते थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि योगी जी के ओडीओपी मिशन से अब मुझे विदेश जाते वक्त गिफ्ट लेने के लिए चिंता नहीं करनी पड़ती। यूपी में जो सफाई अभियान योगी जी ने चलाया है, उसके कारण यहां निवेश का माहौल बना है।
हम आपके कर्जा मा डूब गयन : प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने रातों-रात कर्नाटक में ठप्पा मारकर मुसलमानों को ओबीसी का आरक्षण दे दिया है। पीएम ने कहा कि मोदी कभी हिन्दू-मुसलमान नहीं करता, बल्कि इंडी गठबंधन के पापों को इतिहास बताता है। प्रधानमंत्री ने यहां अवधी में अपने भाषण की शुरूआत की और कहा कि हम आपके कर्जा मा डूब गयन और इस कर्ज को और ज्यादा मेहनत करके चुकाउंगा।



समाजवादी शहजादे का दिल टूट गया है, बस आंसू नहीं निकले : प्रधानमंत्री ने कहा कि नई सरकार में मुझे गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए बहुत सारे बड़े फैसले लेने हैं। इसलिए मैं बाराबंकी और मोहनलालगंज के लोगों से आशीर्वाद मांगने आया हूं। आज आपके सामने एक तरफ देशहित के लिए समर्पित बीजेपी एनडीए का गठबंधन है। दूसरी तरफ देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए इंडी गठबंधन मैदान में है। इनके सपनों की इंतहा देखिए, कांग्रेस के नेता ने कह दिया कि रायबरेली के लोग प्रधानमंत्री चुनेंगे। ये सुनते ही समाजवादी शहजादे का दिल टूट गया, बस आंसू नहीं निकले, मगर दिल के सारे अरमां बह गये।
5 साल मोदी को गाली नहीं, क्षेत्र का विकास करने वाला सांसद चाहिए
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस ऊटपटांग खिचड़ी को आप लोग वोट देकर अपना वोट बर्बाद न करें। भाजपा का सांसद होगा तो दिल्ली और लखनऊ से योजनाएं लेकर आएगा। अगर इंडी गठबंधन का सांसद होगा तो उसका मापदंड होगा कि उसने मोदी को कितनी गाली दी। 5 साल मोदी को गाली नहीं, क्षेत्र का विकास करने वाला सांसद चाहिए। इसके लिए आपके पास एक ही विकल्प है ओनली कमल। बाराबंकी से राजरानी रावत और मोहनलालगंज से कौशल किशोर को हर बूथ पर विजयी बनाना है। पूरी दुनिया जानती है कि मोदी हैट्रिक लगाने जा रहा है। इंडी गठबंधन ऊटपटांग खिचड़ी है। ये लोग ताश के पत्तों की तरह बिखरना शुरू हो गये हैं। समाजवादी शहजादे की नई बुआ बंगाल में बनी हैं, जो अब कह रही हैं वो इंडी गठबंधन को बाहर से समर्थन देंगी।
सपा और कांग्रेस के लिए अपने वोटबैंक से बड़ा कुछ नहीं : प्रधानमंत्री ने कहा कि ये कांग्रेस और सपा वालों ने पहले रामलला को टेंट में पहुंचाया, फिर वोटबैंक को खुश करने के लिए कहा कि वहां मंदिर की जगह धर्मशाला, स्कूल या अस्पताल बना दो। कांग्रेस तो राममंदिर पर कोर्ट का निर्णय पलटना चाहती है। भ्रम में मत रहिए, यही इनका ट्रैक रिकॉर्ड है। सपा और कांग्रेस सत्ता में आए तो फिर रामलला को टेंट में भेज देंगे और मंदिर पर बुलडोजर चला देंगे। इन्हें योगी जी से ट्यूशन लेना चाहिए कि बुलडोजर कहां चलाना है कहां नहीं। यही इनकी साजिश है। ऐसे लोगों को वोट छोड़िए, ऐसी सजा देनी चाहिए कि इनकी जमानत जब्त हो जाए। सपा और कांग्रेस के लिए अपने वोटबैंक से बड़ा कुछ नहीं है। जब इनकी पोल खोलता हूं तो बेचैन हो जाते हैं।
आपके अधिकारों की रक्षा के लिए 400 पार मांगता हूं : प्रधानमंत्री ने कहा कि जब संविधान बन रहा था तो बाबा साहब धर्म के आधार पर आरक्षण के सबसे बड़े विरोधी थे। यहां तक कि इनके परनाना ने भी धर्म के आधार पर आरक्षण का विरोध किया था। कर्नाटक में जितने मुसलमान थे उन सभी को रातों रात ओबीसी बना दिया। क्या एससी, एसटी, ओबीसी का हक आप इन्हें छीनने देंगे। पीएम ने कहा कि बिहार में चारा घोटाला के जो चैंपियन हैं, जिन्हें अदालत ने सजा दी है और तबियत के बहाने बाहर घूम रहे हैं, वो कहते हैं कि पूरा आरक्षण मुसलमानों को देना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं आपके अधिकारों की रक्षा के लिए 400 पार मांगता हूं।
कांग्रेस के शहजादे कहते हैं कि आपकी कमाई का एक्स-रे करेंगे। मतलब आपके लॉकर में क्या है, जमीन कितनी है, गहने कितने हैं, सोना कितना है, चांदी कितनी है, आपके मंगलसूत्र कहां है। वो लूट चलाना चाहते हैं। कहते हैं कि आपके पास जो है आपसे लेकर जिसके पास नहीं है उसको दे दिया जाएगा। मतलब जो वोट जिहाद करेगा उसे दे दिया जाएगा। सपा, कांग्रेस तुष्टिकरण के आगे घुटने टेक चुकी है। मोदी जब ये सच्चाई देश को बता रहा है, उनकी बेइमानी, सांप्रदायिकता, हिन्दू मुसलमान करने को बेनकाब कर रहा है तो कहते हैं कि मोदी हिन्दू मुसलमान करता है। मोदी तो उनके पापों का इतिहास देश को बताने के लिए ऐसा करता है।

