
रांची। झारखंड आंदोलनकारी कुमुद वर्मा ने घर वापसी करते हुए आजसू पार्टी की सदस्यता रविवार को ग्रहण की। उनके साथ चडरी सरना समिति के महासचिव और समाजसेवी सुरेंद्र लिंडा और महादेव टोप्पो ने भी आजसू पार्टी का दामन थामा। इसके अलावा कांटा टोली के सामाजिक कार्यकर्ता मो. तौफीक ने भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ली। इस कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।



पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि युवाओं का राजनीति में सक्रिय भागीदारी लेना और झारखंड के बेहतर भविष्य के निर्माण में उनका योगदान सुनिश्चित करना मेरी प्राथमिकता है। युवा न केवल परिस्थितियों को बदल सकते हैं बल्कि सही दिशा में प्रयास कर झारखंड की राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक तस्वीर भी बदल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रतिबद्ध है, और ऐसे विचारशील, कर्मठ एवं संघर्षशील लोगों का पार्टी से जुड़ना झारखंड के राजनीतिक परिदृश्य में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

