
गोपालगंज। बैकुंठपुर के रामगढ़ में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी के समर्थन में शनिवार को विजय संकल्प सभा में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। चौधरी ने कहा कि बिहार में जंगलराज के प्रणेता लालू प्रसाद यादव के पुत्र आजकल हर घर में नौकरी देने का वादा कर रहे हैं, लेकिन कोई यह नहीं बता रहा कि डेढ़ साल की उम्र में करोड़पति कैसे बने। नौकरी देने के बदले जमीन कैसे ली जाती थी? और उनकी बहनों की शादी में दूसरे के घर कैसे लुटे जाते थे? इसका हिसाब भी जनता मांग रही है। उन्होंने कहा कि पहले बैकुंठपुर में इंडिया गठबंधन आपस में लड़ता था, जिससे राजद को फायदा मिलता था लेकिन इस बार एनडीए एकजुट है, और इस एकता के कारण राजद का गोपालगंज से सुपड़ा साफ होना तय है।
उन्होंने कहा कि मिथिलेश तिवारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा सभी एनडीए नेताओं के साझा प्रत्याशी हैं। अगर बैकुंठपुर की जनता इन्हें जिताती है तो बिहार सरकार विकास के लिए अपना पूरा खजाना खोल देगी।
वहीं जदयू नेता और पूर्व सांसद अरुण कुमार ने कहा कि बड़ी मेहनतों के बाद बिहार को जंगलराज से बाहर निकाला गया है। अब समय है कि जनता फिर से ऐसे लोगों को करारा जवाब दे जो राज्य को अंधकार की ओर धकेलना चाहते हैं। आइए, मिलकर भयमुक्त और लालू-मुक्त बिहार बनाएं।
