
रांची। सुरभि कुमारी ने नीट में 56वां रैंक लाकर झारखंड के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज राजेंद्र इंस्टिट्यूट आॅफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में दाखिला लिया था। सुरभि मूल रूप से रामगढ़ के पास पतरातू की रहने वाली ह। उसका परिवार कुछ वर्षों से रामगढ़ के भरेचनगर में रह रहा है। पिछले ही साल उसने नीट परीक्षा में आॅल इंडिया 56वां रैंक हासिल किया तो परिवार को हर किसी ने बधाई दी। सभी को उम्मीद थी कि वो आगे जाकर बड़ी डॉक्टर बनेगी और रामगढ़ का खूब नाम कमाएगी। उसका दाखिल रिम्स में हो गया। मेडिकल कॉलेज में भी वह मेघावी थी। प्रोफेसर भी उसे पसंद करते थे और उसके भविष्य को लेकर निश्चिंत थे।



इसी बीच उसकी मुलाकात सॉल्वर गैंग से हो गई। सुरभि की मेधा का इस्तेमाल करने के लिए सॉल्वर गैंग ने न जाने उसे क्या आॅफर मिला कि वह इस दलदल में कूद गई। इस साल नीट परीक्षा का रिजल्ट आया तो हंगामा मच गया। रिजल्ट में कई खामियों को लेकर छात्र सड़क पर उतर गए। मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया। केंद्र सरकार हरकत में आई और मामला सीबीआई को दे दिया गया। सीबीआई अपनी छानबीन करते-करते सुरभि तक पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया. आज उसे पटना कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने सुरभि को 3 दिनों की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। अब वह सीबीआई के सवालों का जवाब दे रही है।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई को सुरभि ने बताया है कि उसे प्रश्नों के उत्तर सॉल्व करने के लिए 10 लाख रुपये का आॅफर किया गया था. हालांकि, उसने ऐसा करने से मना कर दिया था। बाद में सॉल्वर गैंग के लोगों ने उसे हथियार दिखाकर धमकी दी तो वह मान गई। उसे हजारीबाग के एक घर में आंखों पर पट्टी बांधकर ले जाया गया। वहां कई अन्य भी प्रश्न पत्र हल करने के लिए छात्र-छात्राएं मौजूद थे। इनमें से कोई उसकी जान-पहचान का नहीं था. फिर मई में उसे नीट परीक्षा के दो-तीन पहले कोडरमा लाया गया और होटल में रखा गया। फिर कोडरमा से हजारीबाग लाया गया और प्रश्नों को सॉल्व कराया गया. उसने रुपये मिलने की बात भी स्वीकार की है। हालांकि, सीबीआई का मानना है कि सुरभि खुद को बचाने के लिए धमकी मिलने और आंखों पर पट्टी बांधने की बातें बोल रही है। अब तीन दिन की रिमांड में सीबीआई उससे सच उगलवाने की कोशिश करेगी।
तीन और छात्र आज गिरफ्तार : पेपर लीक मामले में सीबीआई सॉल्वर गैंग के खिलाफ अपना शिकंजा लगातार कस रही है। पेपर लीक मामले में सीबीआई ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। सीबीआई के सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी है। गिरफ्तार दो आरोपी मेडिकल के छात्र हैं और सॉल्वर गैंग का हिस्सा थे। सीबीआई के सूत्रों ने बताया कि जिन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वह सभी झारखंड के हजारीबाग में पेपर सॉल्व करने के लिए एग्जाम के दिन 5 मई को सुबह मौजूद थे। गिरफ्तार आरोपियों में कुमार मंगलम बिश्नोई, दीपेंद्र कुमार और शशि कुमार पासवान शामिल हैं। इनमें से कुमार मंगलम बिश्नोई और दीपेंद्र कुमार भरतपुर मेडिकल कॉलेज के छात्र हैं।
रॉकी से तीन दिन और सीबीआइ पूछताछ करेगी : सीबीआई की बिहार में पटना स्थित विशेष अदालत ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) से आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2024 के प्रश्न पत्र लीक मामले में हिरासती पूछताछ के लिए अभियुक्त राकेश रंजन उर्फ रॉकी की पुलिस रिमांड की अवधि आज तीन दिनों के लिए और बढ़ा दी।

