
नयी दिल्ली, एजेंसियां : केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने सोमवार को कहा कि देश में नागर विमानन क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है और इसके साथ कई तरह की चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। उन्होंने इसी के साथ ‘एयर कार्गो’ की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर और गौर करने की जरूरत को रेखांकित किया।



राष्ट्रीय राजधानी में नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के 38वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भल्ला ने निगरानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
गृह सचिव ने कहा कि देश के विमानन क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है और 2024 में रिकॉर्ड बनने की संभावना है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यह और भी अधिक तेजी से बढ़ेगा तथा इसी के साथ विभिन्न तरह की चुनौतियां भी आएंगी।
वरिष्ठ नौकरशाह ने कहा कि चिंता का एक क्षेत्र ‘एयर कार्गो’ (हवाई मार्ग से माल ढुलाई) है। उन्होंने इस संबंध में सुरक्षा पहलुओं, विशेष रूप से ‘बहुविध परिवहन की सुरक्षा’ पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता को रेखांकित किया।
भल्ला ने कहा कि सभी को एक साथ मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि नई प्रौद्योगिकियां अधिक समस्याएं पैदा कर रही हैं और चुनौतियां अब एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता), डीपफेक, जीपीएस जैमिंग और अन्य को लेकर हैं।
समारोह में, नागर विमानन सचिव वुमलुनमंग वुअलनाम ने कहा कि बढ़ते हवाई यात्री यातायात के बीच हवाई अड्डों पर प्रक्रियाओं को और अधिक सुव्यवस्थित करने की आवश्यकता है। उन्होंने एआई से संबंधित खतरों सहित विभिन्न संभावित खतरों का भी उल्लेख किया।

