
रांची। पटना में आज वोटर अधिकार यात्रा की रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहेंगे। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह आयोजन भाजपा विरोधी गठबंधन की ताकत और एकता का प्रतीक बन गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की रैली में उपस्थिति विपक्षी गठबंधन के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है।



हेमंत सोरेन अपनी दमदार उपस्थिति से बिहार के आदिवासी, एससी-एसटी और अल्पसंख्यक वोटरों को लामबंद करने की क्षमता रखते हैं। झामुमो ने बिहार विधानसभा चुनाव में न केवल उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है, बल्कि सीट बंटवारे में भी महत्वपूर्ण हिस्सेदारी की उम्मीद रखती है।
झारखंड के सीमावर्ती क्षेत्रों में उसकी दावेदारी 10-15 सीटों पर है, जहां उसका प्रभाव है। राजद ने भी सीटों की हिस्सेदारी संबंधित बातचीत में झामुमो को रखने पर हामी भरी है। झामुमो के शीर्ष नेतृत्व को यकीन है कि बिहार में उसे गठबंधन के तहत सीटें मिलेंगी।