
चंडीगढ़। वजन के कारण पेरिस ओलंपिक में विनेश फोगाट को अयोग्य घोषित किया गया है। इससे देशभर में निराशा का माहौल है। लेकिन देश का हर व्यक्ति और सरकार विनेश के साथ खड़ी है। हरियाणा सरकार ने कहा कि वह विनेश को मेडल जीतने वाले खिलाड़ी के समान सम्मान, इनाम व सुविधाएं देगी।



मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे लिए विनेश फौगाट एक चैंपियन हैं। उनके प्रदर्शन पर पूरे भारत को गर्व है। हरियाणा की हमारी बहादुर बेटी विनेश फौगाट ने ज़बरदस्त प्रदर्शन करके ओलंपिक में फाइनल में प्रवेश किया था। किन्हीं भी कारणों से वो भले ही ओलंपिक का फाइनल नहीं खेल पाई हो लेकिन हम सबके लिए वो एक चैंपियन है।
मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि पहलवान विनेश फौगाट को ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले खिलाड़ी के समान सम्मान, इनाम और सुविधाएं दी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे लिए विनेश फौगाट एक चैंपियन हैं। उनके प्रदर्शन पर पूरे भारत को गर्व है।”
हमारी सरकार ने ये फैसला किया है कि विनेश फौगाट का स्वागत और अभिनंदन एक मेडलिस्ट की तरह ही किया जाएगा। हरियाणा सरकार ओलंपिक रजत पदक विजेता को जो सम्मान, ईनाम और सुविधाएँ देती है वे सभी विनेश फौगाट को भी कृतज्ञता पूर्वक दी जायेंगी। हमें आप पर गर्व है विनेश !
क्या है हरियाणा सरकार की पॉलिसी
हरियाणा सरकार ने पिछले दिनों ऐलान किया था कि पेरिस ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को छह करोड़ रुपये, सिल्वर जीतने वाले को चार करोड़ रुपये और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले को ढाई करोड़ रुपये की इनाम राशि दी जाएगी। सरकार विनेश फोगाट को 4 करोड़ रुपये देगी।

