
तेल अवीव। इजरायल ने हमास के राजनीतिक प्रमुख इस्माइल हानिया को ईरान की राजधानी तेहरान में ढेर कर दिया। हनिया को तब निशाना बनाया गया जब वह सो रहा था। एक ड्रोन के जरिए होटल की खिड़की से मिसाइल दागा गया। इस्माइल हानिया ईरानी राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचा था। इजरायल की खुफिया एजेंसी के जासूसों ने उसके सीक्रेट ठिकाने को खोजा था। हत्या से कुछ देर पहले ही भीड़ के साथ उन्होंने इजरायल मुर्दाबाद के नारे लगाए थे।



इजरायल की सीक्रेट सर्विस शिन बेट ने यह पता लगा लिया था कि हनिया किस कमरे में सो रहा है और उसके साथ अन्य कौन-कौन मौजूद है। हानिया जिस अपार्टमेंट में था वह बेहद सुरक्षित इलाका माना जाता है। क्योंकि यहां ईरान की सेना के रिटायर्ड अधिकारियों का घर है। ड्रोन से लॉन्च किया गया मिसाइल खिड़की को तोड़ते हुए अपार्टमेंट के अंदर गिरा। हथियार के अपार्टमेंट के अंदर गिरने के बाद धमाका हुआ। इससे हनिया और उसके बॉडीगार्ड की मौत हो गई।
द सन की रिपोर्ट के मुताबिक कथित तौर पर हमास के अन्य अधिकारी एक अलग मंजिल पर रह रहे थे- जिसमें फिलिस्तीनी आतंकी समूह इस्लामिक जिहाद का महासचिव भी शामिल था। इसके अलावा रिपोर्ट के मुताबिक इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद के एजेंटों के पास मौका था कि वह इस्माइल हनिया को कतर में मार गिराएं। लेकिन उन्होंने इंतजार किया ताकि हनिया की मौत एक बड़ा संदेश हो। इसी कारण इजरायल ने उसके सबसे बड़े दुश्मन के घर में हनिया के जाने का इंतजार किया।

