
गुमला। नेतरहाट घाटी में सिपाही अभिषेक कुमार की हत्या करने समेत गुरदरी थाना के कई कांडों के वांछित अपराधी झांगुर गुट का सक्रिय सदस्य विशुनपुर थाना क्षेत्र के रोपाकोना गांव निवासी अरविंद उरांव उर्फ झुनझुन उरांव को गुमला पुलिस ने संयुक्त छापामारी अभियान चलाकर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधी के पास से एक 9 एमएम का पिस्टल पांच रांड मैगजीन लगा हुआ, एक देशी कट्टा, 9 एमएम का दो खोखा, बरामद किया है।



मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि थाना प्रभारी विशुनपुर को गुप्त सूचना मिली कि झांगुर गुट का सक्रिय सदस्य अरविंद उरांव लेवी मांगने व दहशत फैलाने के उद्देश्य से हथियार के साथ तेंदार नावाटोली, भवरागानी व देवरागानी के अगल-बगल क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के बाद मामले के सत्यापन व आवश्यक कार्रवाई हेतु एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। गठित टीम छापेमारी के लिए देवरागानी पहुंची तो पुलिस को देखकर भागने लगा। जिसे खदेड़कर पुलिस कर्मियों ने पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अरविंद उरांव बताया। उसकी तलाशी लेने पर 9 एमएम का पिस्तौल, पांच जिंदा गोली, एक देशी कट्टा व दो खोखो बरामद किया गया। पूछताछ में कई कांडों में उसे पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार किया।
गिरफ्तार अपराधी ने बताया कि 9 एमएम का पिस्तौल उसे झांगुर गुट का सुप्रीमो रामदेव उरांव ने आरक्षी अभिषेक कुमार को मारने के लिए दिया था। उसी ने नेतरहाट घाटी में आरक्षी अभिषेक कुमार को छह गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया था। 9 एमएम का पिस्तौल आम आदमी को नहीं मिलता है। यह पिस्तौल पुलिस के पास ही रहती है। गुमला पुलिस 9 एमएम के पिस्तौल की जांच कर रही है कि वह किसका है। गिरफ्तार अरविंद के खिलाफ विशुनपुर थाना में दो व गुरदरी थाना में एक मामला दर्ज है। छापेमारी दल में थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह, पुअनि शैलेश कुमार, सैप के जवान, थाना प्रभारी घाघरा तरूण कुमार, आरक्षी नीरज कुमार तिवारी, बनारी पिकेट एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेट व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

