
रांची । चाईबासा जिले में हुए आईईडी विस्फोट में शहीद हुए जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान को रांची के टेंडर ग्राम स्थित जगुआर मुख्यालय में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई । रविवार को रांची स्थित झारखंड जगुआर मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा रखा गया। जहां झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी. राज्यपाल और मुख्यमंत्री दोनों शहीद के शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उनका ढाढ़स बंधाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों के परिवार के साथ सरकार का साथ हमेशा रहेगा । मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद पूरे देश की समस्या है, जो अब समाप्ति की ओर है. हमारे जवानों की आहुति जाया नहीं जाएगी । झारखंड से खत्म हो जाएगा नक्सलवाद । शहीद जवान झारखंड के मुख्य सचिव ,डीजीपी अनुराग गुप्ता के साथ आईजी अभियान, आईजी सीआरपीएफ, आईजी रांची, डीआईजी सह रांची एसएसपी चन्दन कुमार ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की ।



झारखंड पुलिस मुख्यालय की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार शनिवार को नक्सलियों के खिलाफ अभियान के दौरान नक्सलियों के द्वारा पहले से जमीन के नीचे लगाकर रखे गए आईईडी ब्लास्ट किया गया. ब्लास्ट में 203 कोबरा बटालियन के आरओ विष्णु सैनी और झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायल जवानों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया। लेकिन इलाज के क्रम में घायल सुनील धान ने दम तोड़ दिया.
खूंटी के रहने वाले थे शहीद जवान : झारखंड जगुआर के कांस्टेबल सुनील धान ब्लास्ट में वीरगति को प्राप्त होने वाले सुनील झारखंड के खूंटी जिला के रहने वाले हैं. शहीद जवान का अंतिम संस्कार खूंटी में ही किया जाएगा ।
चाईबासा में एक महीने के भीतर नक्सलियों के आईईडी ब्लास्ट में दो जवान शहीद हो चुके हैं। 22 मार्च 2025 को चाईबासा में ही नक्सलियों से लोहा लेते हुए सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुनील मण्डल वीरगति को प्राप्त हुए थे. सीआरपीएफ 193 बटालियन के सब इंस्पेक्टर जीडी सुनील कुमार मंडल अपनी टीम के साथ नक्सलियों के खिलाफ अभियान में निकले हुए थे।
इसी दौरान चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के जंगली क्षेत्र में नक्सलियों के द्वारा पूर्व में लगाए गए आईईडी विस्फोट किया गया जिसकी चपेट में आने से सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल और सीआरपीएफ जवान जीडी पार्थ घायल हो गए थे. ब्लास्ट की जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में दोनों घायलों को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार मंडल को मृत घोषित कर दिया था.

