
पटना। आय से अधिक संपत्ति के आरोप में शुक्रवार को गोपालगंज के अपर जिला दंडाधिकारी (एडीएम) राजेश्वरी पांडेय के पटना, रोहतास एवं गोपालगंज के चार ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) ने छापामारी की। इस दौरान पटना, वाराणसी, सासाराम एवं रोहतास में एक दर्जन जमीन एवं फ्लैट खरीद के दस्तावेज मिले हैं। यह अचल संपत्ति एडीएम, उनकी पत्नी एवं पुत्र के नाम पर खरीदे गए हैं, जिनकी कीमत एक करोड़ 32 लाख रुपये आंकी गई है। इसमें पटना के रूपसपुर थाना अंतर्गत आरपीएस स्कूल के पास भवानी सिटी अपार्टमेंट का फ्लैट भी शामिल है, जहां एसवीयू ने तलाशी भी ली है। एडीएम के ठिकानों से छापामारी में एसबीआइ, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी तथा सेंट्रल बैंक आफ इंडिया में कुल 35 बैंक खाते मिले हैं, जिनमें एक करोड़ 49 लाख 17 हजार 400 रुपये जमा मिले हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम और एसबीआइ लाइफ इंश्योरेंस के साथ अडानी पावर, हबटाउन, हिंदुस्तान यूनिलीवर आदि कंपनियों के शेयर एवं म्युचुअल फंड में भी भारी निवेश मिला है।
इसके अलावा तलाशी के दौरान साढ़े आठ लाख रुपये के फिक्स डिपोजिट के कागजात भी मिले हैं। तलाशी के दौरान एडीएम के आवास से एक लाख 85 हजार नकद तथा 32 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं।
एडीएम के पास मिली ढाई करोड़ की आय से अधिक संपत्ति: एडीएम के ठिकानों से तीन करोड़ 12 लाख 47 हजार रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति होने के साक्ष्य मिले हैं, जिसमें करीब ढाई करोड़ की संपत्ति को आय से अधिक माना गया है। यह एडीएम की वैध आय से 135 प्रतिशत अधिक है। देर शाम तक एडीएम के रोहतास के करगहर स्थित पैतृक गांव ठोरसन में तलाशी जारी थी। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आय से अधिक संपत्ति में और वृद्धि हो सकती है। एडीएम राजेश्वरी पांडेय वर्ष 2010 में सरकारी सेवा में आए थे। ऐसे में महज 16 साल की नौकरी में ढाई करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति मिली है। इस मामले में एडीएम के विरुद्ध प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
इन ठिकानों पर हुई छापामारी:
पटना के रूपसपुर में आरपीएस स्कूल के पास भवानी सिटी अपार्टमेंट के फ्लैट ए-206 के आवास। रोहतास के करगहर के ठोरसन गांव स्थित पैतृक मकान में। गोपलागंज कलेक्ट्रेट में अपर जिला दंडाधिकारी के कार्यालय एवं गोपालगंज के सरकारी आवास। आय से अधिक संपत्ति की प्राथमिकी दर्ज कर गोपालगंज एडीएम के चार ठिकानों पर छापामारी की गई है।

