
रांची । बोकारो जिले में पिछले तीन दिनों से लापता गोमिया प्रखंड के गुरुडीह पंचायत की मुखिया सपना कुमारी को रांची पुलिस की सहायता से बोकारो पुलिस ने रांची से सुरक्षित बरामद कर लिया है। सपना कुमारी के अचानक गायब होने से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरे पंचायत क्षेत्र में बेचैनी और चिंता का माहौल था।



जानकारी के अनुसार मुखिया सपना कुमारी 2 अक्टूबर से लापता थी। उनके अचानक गायब होने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई थी। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच कई तरह की चर्चा तेज थी। परिजनों ने थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद बोकारो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया।
पुलिस ने मुखिया की मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार उनकी तलाश जारी रखी। कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इसी दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने रांची में सर्च ऑपरेशन चलाया और उन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
सपना कुमारी को रांची से लाकर बोकारो लाया गया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह इन दिनों कहां थी, किन लोगों के संपर्क में रही और लापता होने के पीछे क्या कारण थे। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है, और पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सकेगा।
मुखिया के सुरक्षित मिलने की खबर से गुरुडीह पंचायत और आसपास के क्षेत्रों में राहत और खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने बोकारो पुलिस और रांची पुलिस की तत्परता की सराहना की है। हालांकि, यह सवाल अभी भी बरकरार है कि आखिर सपना कुमारी अचानक कैसे और क्यों लापता हुई।

