
पटना। जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और लालू यादव और राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने बड़ा बयान दिया है। तेजप्रताप यादव ने कहा है कि अब वह कभी भी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में नहीं नहीं जाएंगे। उन्होंने दावा किया है कि अब अगर उन्हें बुलाया भी गया तो भी आरजेडी में नहीं जाएंगे।



एक निजी टीवी चैनल से बातचीत में तेजप्रताप यादव ने कहा- ‘हम आरजेडी कभी नहीं जाना चाहेंगे। हम गीता कसम खाते हैं, कृष्ण भगवान का कसम खाते हैं कि हम दोबारा आरजेडी में नहीं जाएंगे। कोई मुझे बुलाएगा तो भी मैं आरजेडी में नहीं जाउंगा।’
तेजप्रताप यादव ने आगे कहा कि मेरे मां-पिता मेरे लिए भगवान हैं, मैं सदैव उनकी तस्वीर अपने साथ रखते हैं, उन दोनों लोगों को दिल में रखते हैं। पार्टी पॉलिटिक्स की जगह अलग है और माता-पिता का प्रेम अपनी जगह है।
बता दें कि अनुष्का यादव नाम की लड़की के साथ रिश्ते को सोशल मीडिया पर जाहिर करने के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सोशल मीडिया के जरिए घोषणा की थी कि वह तेजप्रताप यादव को पार्टी और परिवार दोनों जगहों से बेदखल करते हैं। तेजप्रताप यादव को आरजेडी के छह साल के लिए निलंबित किया गया है।
इसके बाद तेजप्रताप यादव लगातार आरोप लगाते रहे हैं कि परिवार में जयचंद की एंट्री हो चुकी है। वही परिवार के लोगों के बीच दरार पैदा कर रहा है। इसके बाद तेजप्रताप यादव ने जन शक्ति जनता दल के नाम से नई पार्टी का रजिस्ट्रेशन कराया है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में वह इसी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। साथ ही बिहार की कई सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेंगे। तेजप्रताप यादव अपनी जनसभाओं में छोटे भाई तेजस्वी यादव पर भी तंज कसने से बाज नहीं आते हैं। यहां तक कि तेजप्रताप यादव छोटे भाई तेजस्वी के चुनाव क्षेत्र महुआ में भी जाकर भी उनके खिलाफ प्रचार करते देखे जाते रहे हैं।

