
रांची। भाजपा ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को पंच प्रण जारी किया, जिसमें पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की सहायता, युवाओं को पांच लाख नौकरियां और सभी के लिए घर का वादा किया गया है। भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने केंद्रीय मंत्रियों शिवराज सिंह चौहान, अन्नपूर्णा देवी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की मौजूदगी में पंच प्रण जारी किया।



झारखंड राज्य के गठन के 25 साल पूरे होने को रेखांकित करने के लिए भाजपा अपने घोषणापत्र की 25 और मुख्य बातें जारी करेगी। इसके साथ पार्टी अंत में आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर 150-सूत्री दस्तावेज जारी करेगी। झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को हुआ था, जो बिरसा मुंडा की जयंती भी है।
मरांडी ने कहा कि राज्य के परिवार 500 रुपये में एलपीजी गैस सिलेंडर खरीद सकेंगे। इसके अलावा, साल में दो सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सरकारी विभागों में रिक्त 2,87,500 पदों को भरा जाएगा। पहली कैबिनेट बैठक के बाद ही नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और नवंबर 2025 तक 1.5 लाख पद भरे जाएंगे।
मरांडी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को दो साल तक 2,000 रुपये की वित्तीय सहायता भी देगी, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को सशक्त बनाने के अपने मिशन के तहत गोगो-दीदी योजना शुरू करेगी और इसके तहत महिलाओं को प्रति माह 2,100 रुपये की सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के घोषणापत्र में जतायी गयी प्रतिबद्धताओं में सभी के लिए आवास भी शामिल है।
साल में दो सिलेंडर फ्री : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मरांडी ने कहा कि राज्य में रहने वाले परिवारों को 500 रुपए में एलपीजी गैस सिलेंडर मुहैया कराया जाएगा, साथ ही एक साल में दो सिलेंडर मुफ्त भी दिए जाएंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा इसके अलावा सरकारी विभागों में 2,87,500 रिक्त पदों को भी भरा जाएगा। पहली कैबिनेट बैठक के बाद नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और नवंबर 2025 तक 1.5 लाख पद भरे जाएंगे।
ग्रेजुएट और पीजी युवाओं को 2 हजार रुपये देने का वादा : मरांडी ने कहा कि अगर पार्टी सत्ता में आती है तो ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दो साल तक 2,000 रुपए की वित्तीय सहायता भी दी जाएगी।
150-सूत्रीय दस्तावेज 15 नवंबर को : असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि पंच प्रण हमारे पांच प्रमुख बिंदु है। झारखंड को बने 25 साल हो गए हैं। इस मौके पर हम अटल बिहारी वाजपेयी और राज्य के गठन के लिए आंदोलन करने वाले लोगों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए 25 घोषणाएं करेंगे। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जन्म जयंती को देखते हुए उन्हें भी श्रद्धा देते हुए हम 150 वादे भी करेंगे, ये सभी वादे हमने अच्छे से रिसर्च करके बनाए हैं, जिन्हें हम जरूर पूरा करेंगे।

