
जमशेदपुर। कदमा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर को हुई 20 लाख लूट मामले का शनिवार को पुलिस ने किया उद्भेदन। पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया । अपराधियों के पास से लूट के कई सामान भी बरामद किए गए हैं। नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसप) कुमार शिवाशीष ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि इस मामले में पांच कुख्यात अपराधियों को हथियार समेत गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिरसानगर जोन नंबर 3 निवासी कुणाल सिंह मुंडा, बिरसानगर जोन नंबर 6 निवासी कृष्णा लोहार उर्फ पाड़ी, आदित्यपुर रोड नंबर 1 जनता फ्लैट निवासी सयोराज सिंह उर्फ जस्से, जुगसलाई मिल्लतनगर निवासी फहीम आलम और गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई निवासी मोहम्मद सद्दाम के रूप में हुई है। ये सभी आरोपित शहर के कुख्यात अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या और चोरी सहित अन्य आपराधिक मामलों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने अपराधियों के पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड दो जिंदा कारतूस, एक सोने का ब्रेसलेट, एक टाइटन कंपनी की घड़ी, बिना नंबर की ओक स्कूटी और एक आॅटो भी बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि इन अपराधियों ने पूरी योजना बनाकर कदमा के रामनगर रोड नंबर 2 स्थित दीपराज सिंह के घर में डकैती की थी।
एसपी ने बताया कि इस मामले के उद्भेदन के लिए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था, जिसमें मुख्यालय-2 पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मनोज कुमार ठाकुर, डीएसपी सन्नी वर्धन, कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चंद्र सिन्हा, बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, एसआई दीपक कुमार महतो, मंटू कुमार, आमिर हमजा और एएसआई तसौवर हुसैन खां शामिल थे।
