
पटना । बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और RJD के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में उनके खिलाफ शाहजहांपुर और महाराष्ट्र में मुकदमे दर्ज हुए हैं। शाहजहांपुर में BJP महानगर अध्यक्ष की शिकायत पर FIR दर्ज हुई है। वहीं, महाराष्ट्र में BJP विधायक ने तेजस्वी यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इन शिकायतों में तेजस्वी यादव पर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और जनता की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।



शाहजहांपुर के सदर बाजार थाने में तेजस्वी यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। BJP महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया है कि RJD के आधिकारिक X (पहले ट्विटर) हैंडल से एक पोस्ट किया गया था। यह पोस्ट शुक्रवार सुबह 6:58 बजे किया गया था। आरोप है कि इस पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। पोस्ट में प्रधानमंत्री की तस्वीर भी लगाई गई थी। शिकायतकर्ता ने पोस्ट की कॉपी को मुकदमे में सबूत के तौर पर पेश किया है। शाहजहांपुर के SP राजेश द्विवेदी ने बताया कि BNS की धारा 353(2) और 197(1)(a) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। BNS एक नया कानून है जो भारतीय दंड संहिता (IPC) की जगह लेगा।
महाराष्ट्र में भी शिकायत दर्ज : इधर तेजस्वी यादव के खिलाफ महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में भी केस दर्ज हुआ है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गढ़चिरौली से भाजपा विधायक मिलिंद नरोटे ने राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ शिकायत दी थी। अधिकारी ने कहा कि यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), धारा 356 (मानहानि), धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और धारा 353 (सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने का कारण बनने वाले बयान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।