
नई दिल्ली। कोलकाता में महिला डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर के मामले में सोमवार से जारी देशव्यापी स्ट्राइक गुरुवार को भी जारी रहा। वहीं, बुधवार की रात हथियारबंद अज्ञात लोगों ने कोलकाता के आरजी कर अस्पताल के उस हिस्से में तोड़फोड़ की, जहां पिछले हफ्ते महिला डॉक्टर के साथ रेप, मर्डर का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद डॉक्टरों का रोष और बढ़ गया है और स्ट्राइक खत्म करने वाली संस्था फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स असोसिएशन (FORDA) ने फिर से स्ट्राइक में शामिल होने का ऐलान कर दिया है।



इस घटना के बाद गुरुवार को फोर्डा ने अपने बयान में कहा कि बुधवार रात की हिंसा ने हम सभी को स्तब्ध और व्यथित कर दिया है। यह हमारे प्रोफेशन के एक काले अध्याय को दर्शाता है। एसोसिएशन के रूप में हम अपने रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ एकजुटता साबित करते हैं। इस संकट के दौरान हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स की सुरक्षा को सुनिश्चित करने और अपनी प्रतिबद्धताओं के सम्मान में विफल रहने के लिए केंद्रीय मंत्रालय और राज्य सरकार की कड़ी निंदा करते हैं। फोर्डा ने कहा कि हमने हाल ही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए हड़ताल को फिर से शुरू करने का फैसला किया है, जो तुरंत प्रभावी होगी। साथ ही, कहा कि हम सभी स्टेकहोल्डर्स और रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशंस के साथ रणनीतिक योजना बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
वहीं, दिल्ली के तमाम सरकारी अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन सेंट्रल प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग कर रहे हैं। फोर्डा और अन्य संगठनों के सहयोग से 16 अगस्त की शाम 6 बजे इंडिया गेट पर कैंडल मार्च का आयोजन कर रहा है। संगठन ने कहा है कि हम देश भर के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से इसमें शामिल होने का आह्वान करते हैं। यह न्याय, सुरक्षा और सम्मान के लिए हमारा संघर्ष है। कल यह किसी के भी साथ हो सकता है। हम एकजुट हों, अपनी आवाज उठाएं और एक ऐसे भविष्य की मांग करें जहां ऐसी हिंसा की कोई कल्पना भी न कर सके।
