रांची । पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम से दोबारा फर्जी व्हाट्सऐप प्रोफाइल बनाकर कुछ लोगों को संदेश भेजे जाने का मामला सामने आया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने और ऐसे संदेशों के झांसे में नहीं आने की अपील की है। दरअसल, करीब एक सप्ताह पहले भी उपायुक्त के नाम से फर्जी व्हाट्सऐप प्रोफाइल बनाकर लोगों को संदेश भेजे जाने का मामला सामने आया था। बुधवार को दोबारा ऐसी घटना सामने आने के बाद प्रशासन ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त के नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध व्हाट्सऐप संदेश पर बिना सत्यापन के भरोसा नहीं करें। ऐसे संदेशों के माध्यम से यदि किसी प्रकार की व्यक्तिगत, बैंकिंग या आर्थिक जानकारी मांगी जाती है तो उसे कतई साझा न करें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उपायुक्त या जिला प्रशासन के नाम से प्राप्त किसी भी संदिग्ध संदेश की संबंधित कार्यालय से पुष्टि अवश्य करें। साथ ही फर्जी प्रोफाइल से भेजे गए संदेशों के झांसे में आने से बचें और किसी भी प्रकार के आर्थिक लेन-देन से पहले पूरी तरह सत्यापन करें।

जिला प्रशासन ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। लोगों से सावधान रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी ऐसे फर्जी संदेशों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version