
पटना। बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया सोमवार की शाम से विधिवत आरंभ होगी। सोमवार को राज्य कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में एनडीए के विधायक दल की बैठक होगी। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार पुन: राजभवन जाएंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।



राज्य कैबिनेट की बैठक वर्तमान विधानसभा को भंग किए जाने का निर्णय लिया जाएगा। इसके पूर्व सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार प्रकट किया जाएगा। कैबिनेट की बैठक खत्म होने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री राजभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके बाद वह मुख्यमंत्री आवास लौटेंगे। वहां पहले से ही एनडीए विधायकों की उपस्थिति रहेगी। विधिवत एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सोमवार को ही नीतीश एनडीए की सरकार बनाए जाने को ले अपना दावा पेश करेंगे।
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारी : इस प्रस्ताव पर मंथन हो रहा कि प्रचंड बहुमत के साथ आए एनडीए की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन की जगह गांधी मैदान में कराया जाए। इसके पूर्व भी दो बार नीतीश कुमार ने गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।
नवनिर्वाचित विधायकों से मिलते रहे नीतीश : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पूरे दिन नवनिर्वाचित विधायकों से मिलते रहे। सबसे पहले लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उनसे भेंट की। इसके बाद जीतनराम मांझी के पुत्र तथा नीतीश सरकार में मंत्री संतोष सुमन ने उनसे भेंट की।
मुख्यमंत्री से मिलने वालों में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, निर्वाचित विधायक श्याम रजक, रामकृपाल यादव, राहुल सिंह आदि शामिल हैं। शाम में भी मुख्यमंत्री ने विधायकों से भेंट की। मिलने वाले विधायकों में ज्यादा जदयू के थे।

