रांची । झारखंड के रामगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर राहुल दुबे गैंग का एक अपराधी घायल हो गया। रविवार देर रात रामगढ़ जिले के बासल चौकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक कोयला खदान के पास पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में राहुल दुबे गैंग का एक बदमाश घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है।

रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने बताया कि एक कोयला खदान के पास बदमाशों की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया था। पुलिस के खुद को घिरा देखकर गैंगस्टर राहुल दुबे के सदस्यों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस मुठभेड़ में गैंग का सदस्य सनी सिंह घायल हो गया।

अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने गैंगस्टर राहुल दुबे के गैंग के अन्य बदमाशों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है। विशेष जांच टीम (एसआईटी) पहले ही इस गैंग के 7 बदमाशों को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार कर चुकी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version